11-Aug-2025
...


बारबाडोस (ईएमएस)। क्या आपने ऐसी मछली देखी है जो सिर्फ पानी में नहीं बल्कि हवा में भी लंबी दूरी तक ग्लाइड करती है। इस मछली को देखकर लगता है जैसे कोई चिड़िया आसमान में उड़ रही हो। यह एक मछली है, जो पानी और हवा दोनों की दुनिया में सहजता से विचरण करती है। यह मछली एक्सोकोएटिडे परिवार की होती है, जिसे आमतौर पर फ्लाइंग फिश कहा जाता है। इन मछलियों की सबसे खास बात है इनका पेक्टोरल फिन, जो पंखों की तरह फैलकर इन्हें उड़ने में मदद करता है। इनका शरीर टॉरपीडो के आकार का होता है, जिससे ये पानी में तेज गति से आगे बढ़ती हैं और सतह पर आते ही हवा में उठ जाती हैं। उड़ते समय ये अपनी पूंछ को प्रति सेकंड 70 बार तक हिला सकती हैं और पंखों को इस तरह फैलाती हैं कि हवा में उन्हें लिफ्ट मिल सके। आमतौर पर ये मछलियां 50 मीटर तक ग्लाइड कर सकती हैं, लेकिन कुछ प्रजातियां 200 से 400 मीटर तक की उड़ान भी भर सकती हैं। इनकी यह अनोखी क्षमता केवल दिखावे के लिए नहीं है, बल्कि यह इनके जीवित रहने का तरीका भी है। शिकारियों से बचने के लिए इन्हें हवा में उड़ने की कला आ गई है। टूना, मैकरेल, स्वोर्डफिश जैसी बड़ी मछलियों से बचने के लिए ये पानी से बाहर निकलकर उड़ती हैं। लेकिन इंसान, जो धरती का सबसे बड़ा शिकारी है, उनसे बच पाना इनके लिए आसान नहीं है। जापान, चीन, वियतनाम और कैरिबियन जैसे देशों में फ्लाइंग फिश को बड़े स्तर पर पकड़ा जाता है। सुशी और अन्य व्यंजनों में इसका खूब उपयोग होता है। बारबाडोस जैसे इलाकों में प्रदूषण और अत्यधिक मछली पकड़ने की वजह से इनकी संख्या में भारी गिरावट आई है। यहां तक कि यह मछली एक बार बारबाडोस और त्रिनिदाद और टोबैगो के बीच विवाद की वजह भी बन चुकी है। सुदामा/ईएमएस 11 अगस्त 2025