राज्य
16-Aug-2025
...


- जनता दल (यू0) की सबसे बड़ी ताकत हैं महिलाएं- उमेश सिंह कुशवाहा नीतीश कुमार हैं तो बिहार की तरक्की निश्चित- ललन कुमार सर्राफ पटना, (ईएमएस)। जनता दल (यू0) द्वारा 17 अगस्त से 23 अगस्त तक चलाए जाने वाले ‘सुशासन का सार-आपके द्वार’ अभियान को व्यापक गति प्रदान करने के उद्देश्य से महिला जद (यू0) की 40 टीम को कल रवाना किया जाएगा। इस संबंध में शनिवार को प्रदेश कार्यालय, पटना में तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश की महिला जद (यू0) की पदाधिकारीगण वर्चुअल माध्यम से शामिल हुईं। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा उपस्थित रहे, जबकि इसकी अध्यक्षता महिला जद (यू0) की प्रदेश अध्यक्ष डाॅ0 भारती मेहता ने की। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि आधी आबादी को विकास की मुख्यधारा में शामिल करने तथा उनके राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक उत्थान के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बीते 20 वर्षों में जो ऐतिहासिक कार्य किए हैं, वैसा उदाहरण पूरे देश के किसी अन्य राज्य में देखने को नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि अब समय है कि प्रदेशभर में बूथ स्तर तक सघन अभियान चलाकर महिला सशक्तिकरण की दिशा में नीतीश सरकार द्वारा उठाए गए कदमों को बुकलेट, हैंडबिल और स्टिकर के माध्यम से प्रत्येक महिला मतदाता तक पहुँचाया जाए। दिशा-निर्देश देते हुए श्री कुशवाहा ने स्पष्ट कहा कि इस अभियान की सफलता के लिए जिला से लेकर पंचायत स्तर तक पार्टी नेत्रियों के बीच समन्वय और सतत संवाद अनिवार्य है। उन्होंने नीतीश कुमार को महिलाओं के हक और सम्मान के सबसे बड़े पक्षधर बताते हुए कहा कि न्याय के साथ विकास की गति को आगे बढ़ाने के लिए ‘2025 में “225 और फिर से नीतीश” के लक्ष्य को हासिल करना है, और इसमें महिलाओं की भूमिका निर्णायक एवं सबसे अहम होगी। विधानपरिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता सह कोषाध्यक्ष ललन सर्राफ ने कहा कि ‘सुशासन का सार-आपके द्वार’ अभियान के तहत यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी महिला छूटने न पाए। हर बूथ के प्रत्येक परिवार तक पहुँचना है और महिलाओं को नीतीश सरकार की उपलब्धियों एवं कार्यों की जानकारी देनी है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति ही असल में नीतीश शक्ति है और नीतीश कुमार हैं तो बिहार की तरक्की व प्रगति सुनिश्चित है, क्योंकि हमारे नेता जो कहते हैं, वही करते हैं। विधानपरिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यों और नारी सशक्तिकरण को लेकर उनके दूरदर्शी विजन को घर-घर तक पहुँचाना है। महिलाओं में हर कार्य को सफलता पूर्वक अंजाम देने की अद्भुत क्षमता होती है, और हमें पूरा विश्वास है कि पार्टी की नेत्रियों की ऊर्जा, समर्पण और निष्ठा के बल पर 2025 में 225 सीटों पर विजय का लक्ष्य अवश्य पूरा होगा। डाॅ0 भारती मेहता ने कहा कि महिला मतदाताओं से संवाद स्थापित करने तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए पार्टी की नेत्रियों को पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ लगना होगा। उन्होंने आह्वान किया कि ‘‘2025 में 225 और फिर से नीतीश’’ के लक्ष्य की प्राप्ति तक हम सबको अनवरत और समर्पित भाव से कार्य करना है। बैठक में मुख्य रूप से पूर्व सांसद सह अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ0 चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी स्थापना चंदन कुमार सिंह, प्रो0 नवीन आर्य चंद्रवंशी, श्वेता विश्वास, कंचन गुप्ता उपस्थिति रही एवं कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन रेणुका कुशवाहा ने की। संतोष झा- १६ अगस्त/२०२५/ईएमएस