क्षेत्रीय
20-Aug-2025
...


जिला अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद पहला दौरा, कार्यकर्ताओं से किया अनुशासन का आव्हान गुना (ईएमएस) । राघौगढ़ विधायक और पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने कांग्रेस जिला अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद बुधवार को पहली बार गुना जिला मुख्यालय का दौरा किया। उत्साह और ऊर्जा से लबरेज नव नियुक्त जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से लम्बा संवाद किया। आगामी चुनावों पर चर्चा की और अनुशासित रहने का आव्हान किया। जयवर्धन ने राहुल गांधी द्वारा उठाए गए वोट चोरी के मुद्दे को उठाते हुए दावा किया कि गुना में भी इस तरह के मामले सामने आए हैं। कांग्रेस 25 अगस्त से 5 सितम्बर तक एक अभियान चलाकर इस बारे में खुलासा करेगी। उन्होंने कहा कि देशभर की तरह भाजपा ने गुना और मध्यप्रदेश में भी वोट की चोरी की है। इससे पहले जयवर्धन सिंह की अगवानी करने के लिए गुना के नेताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। पत्रकार कॉलोनी स्थित राजीव गांधी कांग्रेस भवन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जयवर्धन सिंह ने कहा कि जिस तरह राघौगढ़ और बमौरी में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के सिर पर जीत का सेहरा बांधा है, उसी तरह गुना और चांचौड़ा के कार्यकर्ताओं को भी ताकत दिखानी होगी। गुना और चांचौड़ा में विधानसभा चुनाव के दौरान जो परिणाम आए, उसकी उम्मीद नहीं थी। उन्होंने माना कि गुना विधानसभा कांग्रेस के लिए थोड़Þी मुश्किल है, लेकिन कार्यकर्ताओं के प्रयास और सबके सहयोग से जिस तरह गुना नगरपालिका के चुनाव में प्रदर्शन किया था वही ताकत विधानसभा चुनाव में दिखाते हुए सफलता प्राप्त की जा सकती है। जयवर्धन ने बताया कि सबसे पहले पंचायती राज के चुनाव आएंगे, फिर नगर परिषद के चुनाव आएंगे। इनमें भी कार्यकर्ताओं को कांग्रेस को सफलता दिलानी है। जयवर्धन बोले-इसलिए मुझे बनाया जिला अध्यक्ष जयवर्धन ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है उसके बारे में जीतू पटवारी कार्यकर्ताओं को बता चुके हैं। यह सौभाग्य है कि स्वयं राहुल गांधी द्वारा यह निर्देश दिया गया है। राहुल गांधी ने उनसे कहा था कि उन्हें जो भी जिम्मेदारी मिलेगी वह मना नहीं कर सकते हैं। इससे पहले प्रदेश उपाध्यक्ष रहते हुए उन्हें मंदसौर का प्रभार था अब गुना जिले का प्रभार रहेगा। जो लोग मायूस हो रहे थे वह यह समझें कि अब भी एक जिले का प्रभार है। अंतर यह है कि जब राहुल गांधी कुछ समय पहले भोपाल आए थे, उन्होंने स्पष्ट कहा था कि उनकी मंशा के मुताबिक जो भी जिले के प्रमुख नेता हैं, उनमें से एक को जिला अध्यक्ष के रूप में चुनेंगे। जयवर्धन सिंह ने कार्यकर्ताओं से आव्हान किया कि इन जिम्मेदारियों को निभाने के लिए उन्हें कार्यकर्ताओं के सहयोग की आवश्यकता होगी। 24 अगस्त को नए जिला अध्यक्षों को दिल्ली बुलाया गया है। जहां राहुल गांधी संबोधन देंगे। राहुल बताएंगे कि जिला अध्यक्ष के रूप में उनकी क्या भूमिका रहेगी। मेहरबान और हरिशंकर की तारीफ कांग्रेस के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष जयवर्धन सिंह ने निवृतमान जिला अध्यक्ष मेहरबान सिंह धाकड़ और पूर्व अध्यक्ष हरिसिंह की कार्यक्षमता की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि अब इन दोनों नेताओं को यह नहीं मानना चाहिए कि वे फ्री हो गए हैं, बल्कि अब उन्हें आने वाले पंचायत, नगरीय निकाय ओर विधानसभा चुनाव के लिए और मेहनत करनी होगी। जयवर्धन सिंह ने कहा कि वे जीतू पटवारी और जिला प्रभारी हरीश चौधरी से आग्रह करेंगे कि इन दोनों नेताओं को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी जाएं। सप्ताह में एक बार आएंगे कार्यालय जयवर्धन सिंह ने माना कि वे पूर्व जिला अध्यक्ष मेहरबान सिंह और हरिशंकर विजयवर्गीय की तरह शायद पहले जितना समय नहीं दे पाएं। लेकिन वे ऐसा सिस्टम बनाएंगे कि सप्ताह में एक बार जिला मुख्यालय पर अवश्य आएं और कार्यकर्ताओं से चर्चा करें। अनुशासन में रहें, सोशल मीडिया का दुरुपयोग न हो गुना जिला अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद कार्यकर्ताओं से पहला संवाद करते हुए जयवर्धन सिंह ने अनुशासन पर खास जोर दिया। उन्होंने कहाकि अगर उनसे कोई गलती होती है तो कार्यकर्ता गुना के स्थानीय वरिष्ठ नेताओं को बता सकते हैं। अगर कोई सुनवाई नहीं होती तो पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को भी जानकारी दें, वहां भी लगता है कि सुनवाई नहीं हुई तो कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और अंत में राहुल गांधी को कार्यकर्ता पत्र लिखकर अपनी शिकायत या सुझाव दें। लेकिन ऐसा न हो कि हम अपनी बातें सोशल मीडिया के माध्यम से व्यक्त करें। क्योंकि कांग्रेस में कार्यकर्ताओं का सम्मान है। आप अपनी बातें हमें बता सकते हैं, हमारे नेताओं को बता सकते हैं। सोशल मीडिया का दुरुपयोग नहीं होना चाहिए। कार्यकर्ता मेहरबान सिंह धाकड़, हरिशंकर विजयवर्गीय और बमौरी विधायक इंजी. ऋषि अग्रवाल से सीखें, जिन्होंने कभी पार्टी की चर्चा सोशल मीडिया पर नहीं की। भाजपाई नकारात्मक, उनकी सोच तोड़ने वाली राघौगढ़ विधायक ने कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तुलनात्मक विश्लेषण करते हुए कहा कि भाजपा के नेता और कार्यकर्ताओं की मानसिकता ही नकारात्मक है। जबकि कांग्रेस पार्टी सकारात्मक विचारधारा रखती है, जिसने हमेशा ही तोड़ने का नहीं जोड़ने का काम किया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं से उम्मीद है कि वे सकारात्मक सोच के साथ काम करेंगे और जितना हो सके जनता के हित के मुद्दे उठाएंगे। मेहरबान सिंह बोले, मेरा नाम इतिहास में दर्ज बैठक को संबोधित करते हुए निवृतमान जिला अध्यक्ष मेहरबान सिंह धाकड़ ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहाकि उन्हें भरपूर सहयोग मिला। हालांकि दो-चार लोग ऐसे हैं जो कभी संतुष्ट नहीं हो सकते। उन्होंने जयवर्धन सिंह की ताजपोशी पर प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने गौरवान्वित होते हुए कहा कि इतिहास में यह लिखा जाएगा कि मेहरबान सिंह के बाद हमारे नेता जयवर्धन सिंह को अध्यक्ष बनाया गया है। पहले ही दौरे में दर्जनों लोगों ने ली सदस्यता कांग्रेस जिला अध्यक्ष के रूप में राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह की ताजपोशी का असर दिखना शुरु हो गया है। नव नियुक्त जिला अध्यक्ष के पहले ही दौरे पर भाजपा, समाजवादी पार्टी के दर्जनों नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। इनमें भाजपा के बृजलाल जाटव अपने 50 से अधिक समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए। वहीं समाजवादी पार्टी के रामरतन कुशवाह, मुकेश ओझा, अमित सोनी, सलाम खान, कप्तान सिंह, बृजेश किरार ने भी सदस्यता ली। इसके अलावा उदय प्रताप सिंह चौहान, अनुभव चौहान, योगेंद्र सिंह चौहान, महिपाल सिंह चौहान सहित कई लोग कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। सीताराम नाटानी/ईएमआई/20 अगस्त2025