क्षेत्रीय
25-Aug-2025


लातूर, (ईएमएस)। महाराष्ट्र के लातूर जिले के चाकुर तालुका में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। खबर है कि वाढवणा-चाकुर मार्ग पर शेलगांव शिवारा के पास तिरु नदी के किनारे एक झाड़ी में बैग में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। आशंका है कि हत्या कर शव को बैग में भरकर फेंका गया है। शव पानी के पास एक झाड़ी में सड़ी-गली अवस्था में पड़ा था। दूर-दूर तक फैली दुर्गंध के कारण घटना का पता चला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। वहीं इस घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में नागरिकों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई है। गौरतलब है कि आठ महीने पहले भी इसी रोड पर हनमंतवाड़ी शिवारा में एक महिला का शव फेंका गया था। मृत महिला कौन है? वह कहाँ की रहने वाली है? हत्या किसने की, इसकी जाँच पुलिस कर रही है। इस बीच, एक बार फिर उसी इलाके में शव मिला है, जिससे नागरिकों में बहस छिड़ गई है। बैग में महिला के शव होने की चर्चा के चलते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही चाकुर पुलिस, वाढवणा थाने के अधिकारी, एलसीबी टीम और मोबाइल वैन टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कर आगे की जाँच शुरू कर दी है। शव किसका है और हत्या की असली वजह क्या है, इसकी जाँच जारी है। - आठ महीने पहले पहले भी मिला था शव नदी किनारे अचानक बैग में महिला का शव मिलने से लातूर जिले में हड़कंप मचा है। इससे पहले भी महिला का शव मिला था। आठ महीने पहले हनमंतवाड़ी शिवरा में इसी सड़क पर एक महिला का शव फेंका गया था। उसके बाद अब इसी जगह पर एक और महिला का शव मिला है। इस बीच, कहा जा रहा है कि इस महिला की हत्या कर दी गई और उसका शव एक बैग में रखकर फेंका गया। पुलिस अधिकारी इस मामले की जाँच कर रहे हैं। फ़िलहाल शव की पहचान नहीं हो पाई है। संतोष झा- २५ अगस्त/२०२५/ईएमएस