27-Aug-2025
...


:: महाकाल की तर्ज पर दर्शन व्यवस्था, 10 दिन तक लगेंगे 3 लाख से अधिक लड्डुओं के भोग :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में आज वैदिक मंत्रोच्चार और गणपति बप्पा मोरया के जयघोष के साथ 10 दिवसीय गणेशोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और कलेक्टर आशीष सिंह, मंदिर प्रशासक और निगमायुक्त शिवम वर्मा, और मंदिर के महाप्रबंधक डॉ. राकेश शर्मा ने ध्वजा पूजन कर महोत्सव की शुरुआत की। इस दौरान भगवान गणेश को स्वर्ण मुकुट और मोतियों का चोला भी समर्पित किया गया। भक्त मंडल की ओर से भक्तों के लिए इस बार भी सवा लाख मोदक का प्रसाद तैयार किया गया था, जिसका वितरण कलेक्टर आशीष सिंह और निगमायुक्त शिवम वर्मा ने शुरू किया। भक्त मंडल के अरविंद बागड़ी और कैलाश पंच ने बताया कि मंदिर के पुजारी पंडित अशोक भट्ट और पंडित जयदीप भट्ट ने वैदिक मंत्रों के साथ पूजन विधि संपन्न कराई। महाकाल मंदिर की तर्ज पर की गई दर्शन व्यवस्था से भक्तों को आधे घंटे से भी कम समय में आसानी से दर्शन का लाभ मिला। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक महेंद्र हार्डिया और पार्षद पुष्पेंद्र पाटीदार ने भी पूजा-अर्चना की और मोदक वितरण में सहयोग दिया। दोपहर में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, और पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा ने भी मंदिर पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन किए। भक्त मंडल के अनुसार इस पूरे उत्सव के दौरान खजराना गणेश को प्रतिदिन अलग-अलग प्रकार के लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा। इनमें अजवाइन, मूंग, चवले, उड़द, गोंद, बेसन, मोतीचूर और बड़ी बूंदी के लड्डू शामिल हैं। 5 सितंबर को फरियाली ड्राई फ्रूट्स के लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा। इस पूरे उत्सव के दौरान 3 लाख से अधिक लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा, जो संभवतः देश में एक अनोखा उदाहरण है। प्रकाश/27 अगस्त 2025

खबरें और भी हैं