क्षेत्रीय
31-Aug-2025
...


- महिलाओं के शराब पीने वाले बयान व पीएम श्री मोदी को अपशब्द कहने पर किया विरोध शाजापुर (ईएमएस)। नगर की महलाओं व भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने राहुल गांधी और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी के पुतले जलाए। इसके बाद महिलाओं ने विरोध स्वरूप पुतले पर जमकर जूते-चप्पल भी बरसाए। राहुल गांधी की सभा में पीएम श्री नरेंद्र मोदी को अपशब्द कहे गए थे। जबकि हड़ताली तीज के दिन कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने मध्यप्रदेश की महिलाओं को शराबी बताया था। जिसके विरोध में महिलाओं ने जमकर प्रदर्शन किया। बिहार चुनाव में आयोजित राहुल गांधी की सभा में उनके समर्थकों द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व उनकी स्व. माताजी को अपशब्द कहे थे। जिसके चलते पूरे देश के लोग कार्यकर्ताओं की इस हरकत से नाराज हैं। वहीं हड़ताली तीज के दिन जीतू पटवारी ने मध्यप्रदेश की महिलाओं को शराबी बताया था। इसे लेकर रविवार को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा के अलावा नगर की अन्य महिलाओं ने विरोध स्वरूप दोनो नेताओं का पुतला दहन किया। इसके बाद भी महिलाओं का गुस्सा शांत नहीं हुआ और महिलाओं ने जलते पुतलों पर भी जमकर जूते-चप्पल बरसाते हुए नाराजगी जताई। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रवि पांडे, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेम जैन, पूर्व नपाध्यक्ष प्रदीप चंद्रवंशी, किरणसिंह ठाकुर, संजय शिवहरे, किरण ठाकुर, श्रद्धा नागर, महामंत्री गोविंद नायक, प्रेम यादव, कमल गुर्जर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित थे। विधायक अरुण भीमावत ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में मातृशक्ति का सम्मान सर्वाेपरि रहा है। स्त्री के अपमान के कारण ही इतिहास में महायुद्ध हुए। रामायण और महाभारत इसके उदाहरण हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी एवं प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा की गई अभद्र टिप्पणियां इस संस्कृति का अपमान है और इसके गंभीर परिणाम कांग्रेस को भुगतने होंगे। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अपनी भाषा और आचरण में सुधार नहीं किया गया तो भाजपा की मातृशक्ति सड़कों पर उतरकर कांग्रेस को सबक सिखाएगी। भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रवि पांडे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता जी के संबंध में कांग्रेस नेताओं द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी केवल एक व्यक्ति की माता का नहीं बल्कि पूरे देश की मातृशक्ति का अपमान है। भाजपा व महिला मोर्चा इसे कभी सहन नहीं करेगी। कांग्रेस का असली चेहरा अब जनता के सामने उजागर हो चुका है। दुर्गा वाहिनी की प्रांत संयोजक श्रीमती प्रीति जादमे ने कहा कि महिलाओं को शराब से जोड़ने वाले बयान भारतीय संस्कृति पर गहरी चोट हैं। मातृशक्ति का अपमान करने वाली कांग्रेस अब अपने अंत की ओर बढ़ रही है। महिला शक्ति जाग चुकी है और अपमान करने वालों को जनता माफ नहीं करेगी। अनीता पाटीदार, किरणसिंह ठाकुर, उमेश टेलर एवं अन्य वक्ताओं ने भी कांग्रेस नेताओं की अभद्र टिप्पणियों की कड़ी निंदा की। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस की मानसिकता हमेशा से महिलाओं को अपमानित करने वाली रही है, लेकिन अब मातृशक्ति जाग चुकी है और लोकतांत्रिक तरीके से इसका करारा जवाब देगी। ईएमएस / 31/08/2025