खूंटी(ईएमएस)।व्यवसाय की आड़ में अवैध हथियार तस्करी मामले में खूंटी पुलिस ने रांची के तीन हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों में रांची जिला के जगरनाथपुर थाना क्षेत्र के ऊपर हटिया का 55 वर्षीय युनुस खान, अरगोड़ा थाना क्षेत्र का हरमू आजाद हिंद नगर का 38 वर्षीय मो. शमीम और डोरंडा थाना क्षेत्र के बाजार मोहल्ला का 40 वर्षीय इबरार आलम शामिल है। गिरफ्तार तीनों अपराधियों के पास से पुलिस ने चार अवैध देशी पिस्टल, 44 गोलियां, 8 मैगजीन, 2 मोबाइल और 66,860 रुपया नगद बरामद किया है। खूंटी एसपी मनीष टोप्पो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कर्रा थाना क्षेत्र के कुलहूटू जंगल के पास कुछ अपराधी अवैध हथियार तस्करी हेतु एकत्रित हैं। सूचना के बाद तोरपा एसडीपीओ की अगुवाई में कर्रा, लोधमा, रनियां और तोरपा अंचल की संयुक्त टीम बनाकर छापामारी टीम का गठन किया गया और अभियान चलाया गया। छापामारी अभियान के क्रम में कुलहूटू जंगल सड़क किनारे से तीनों हथियार सप्लायरों को धर दबोचा गया और उनकी निशानदेही पर अवैध हथियार, गोली, मैगजीन, मोबाइल और नगद बरामद किया गया। गिरफ्तार तीनों अपराधी अलग अलग धंधे ( व्यवसाय) से जुड़े थे जिसमें युनुस खान ऑटो चलाता है, मो शमीम प्लंबर का काम करता है तथा इबरार आलम जूता चप्पल का बेचने का धंधा करता है। छापामारी टीम में एसडीपीओ क्रिस्टोफर केरकेट्टा, तोरपा अंचल पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार, रनिया थाना प्रभारी विकास जायसवाल, कर्रा थाना के पुअनि दीपक कांत कुमार, लोधमा पिकेट की पुअनि निशा कुमारी, सअनि संदीप मुंडा और कर्रा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। कर्मवीर सिंह/03सितंबर/25