- सोना 1,06,199 प्रति 10 ग्राम और चांदी 1,25,249 प्रति किलो नई दिल्ली (ईएमएस)। घरेलू वायदा बाजार में बुधवार को सोने और चांदी की कीमतों ने नए रिकॉर्ड बनाए। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर अक्टूबर वायदा सोना 1,06,199 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर तक पहुंच गया, जो अब तक का उच्चतम स्तर है। सुबह के कारोबार में यह कॉन्ट्रेक्ट 407 की तेजी के साथ खुला और खबर लिखे जाने तक 1,06,060 रुपए पर कारोबार कर रहा था। सोने के दामों में लगातार हो रही तेजी के पीछे वैश्विक अनिश्चितता, डॉलर में कमजोरी और सुरक्षित निवेश के प्रति बढ़ती मांग को कारण माना जा रहा है। इस महीने अब तक सोने ने 1,06,199 रुपए का नया शिखर छू लिया है। दूसरी ओर, चांदी के दामों में मंगलवार को रिकॉर्ड तेजी के बाद आज थोड़ी नरमी देखी गई। एमसीएक्स पर दिसंबर वायदा चांदी 89 रुपए की गिरावट के साथ 1,24,441 प्रति किलो पर खुली। दिन के दौरान यह 1,24,432 रुपए के स्तर तक फिसल गई। हालांकि इस महीने इसका उच्चतम स्तर 1,25,249 रुपए रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना-चांदी मजबूत स्थिति में हैं। कॉमेक्स पर सोना 3,600 डॉलर प्रति औंस पर खुला और खबर लिखे जाने तक 3,597.20 डॉलर पर कारोबार कर रहा था। इसने साल का उच्चतम स्तर 3,616.90 डॉलर छू लिया है। वहीं, चांदी 41.15 डॉलर पर खुलकर 41.26 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता बनी रही तो सोने-चांदी की कीमतों में और तेजी देखी जा सकती है। सतीश मोरे/03सितंबर ---