- सोना 1,58,550 रुपये और चांदी 2,73,500 रुपये के करीब नई दिल्ली (ईएमएस)। घरेलू वायदा बाजार में मंगलवार को सोने और चांदी की चमक फीकी पड़ी। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दोनों ही कीमती धातुओं के भाव गिरावट के साथ खुले और खबर लिखे जाने तक नरमी जारी रही। घरेलू बाजार में जहां सोना 1,58,550 रुपये और चांदी 2,73,500 रुपये के करीब कारोबार कर रहे थे, वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स पर सोने और चांदी में तेजी का रुख देखने को मिल रहा है। एमसीएक्स पर सोने का जून कॉन्ट्रैक्ट मंगलवार को 292 रुपये की गिरावट के साथ 1,58,789 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। इसका पिछला बंद भाव 1,59,081 रुपये था। खबर लिखे जाने तक यह कॉन्ट्रैक्ट 499 रुपये गिरकर 1,58,582 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। दिन के कारोबार में इसने 1,58,789 रुपये का उच्च और 1,58,534 रुपये का निचला स्तर छुआ। गौरतलब है कि इस साल सोने ने 1,80,779 रुपये प्रति 10 ग्राम का सर्वोच्च स्तर देखा है। इसी तरह चांदी का जुलाई कॉन्ट्रैक्ट भी सुस्ती के साथ खुला। यह एमसीएक्स पर 1,989 रुपये की गिरावट के साथ 2,74,727 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला, जबकि इसका पिछला बंद भाव 2,76,716 रुपये था। खबर लिखे जाने तक चांदी 3,210 रुपये की बड़ी गिरावट के साथ 2,73,506 रुपये प्रति किलोग्राम पर थी। दिन के दौरान इसने 2,74,727 रुपये का उच्चतम और 2,72,985 रुपये का न्यूनतम स्तर छुआ। चांदी ने इस साल 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम का सर्वोच्च स्तर हासिल किया था। दूसरी ओर अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स पर सोने और चांदी के वायदा भाव में मजबूती देखने को मिली। कॉमेक्स पर सोना आज 4,532 डॉलर प्रति औंस पर खुला और खबर लिखे जाने तक 16.10 डॉलर की तेजी के साथ 4,539.30 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। इसका पिछला बंद भाव 4,523.20 डॉलर था। इस साल सोने ने 5,586.20 डॉलर प्रति औंस का सर्वोच्च स्तर छुआ है। चांदी भी कॉमेक्स पर 0.77 डॉलर की तेजी के साथ 76.96 डॉलर प्रति औंस पर थी, जो 76.19 डॉलर के पिछले बंद भाव से ऊपर थी। इस साल चांदी ने 121.79 डॉलर प्रति औंस का उच्चतम स्तर देखा। सतीश मोरे/26मई ---