- सेंसेक्स में लगभग 150 अंक की गिरावट, निफ्टी 24,000 के करीब मुंबई (ईएमएस)। अमेरिका द्वारा ईरान में हालिया सैन्य कार्रवाई के बाद उत्पन्न हुए वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव का सीधा असर मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार पर दिखा। निवेशकों की धारणा प्रभावित होने से प्रमुख सूचकांकों ने कमजोर शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में निफ्टी 40.80 अंक टूटकर 23,987.45 पर आ गया, वहीं सेंसेक्स भी 141.36 अंक की गिरावट के साथ 76,347.60 पर कारोबार कर रहा था। बड़े सूचकांकों के विपरीत, ब्रॉडर मार्केट में मिला-जुला रुख देखने को मिला। निफ्टी मिडकैप में हल्की 0.14 प्रतिशत की तेजी रही, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 0.65 प्रतिशत की मजबूत बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था। सेक्टोरल प्रदर्शन में भी भिन्नता दिखी। कंज्यूमर ड्यूरेबल, हेल्थकेयर और रियल्टी इंडेक्स दबाव में रहे, वहीं सूचना प्रौद्योगिकी और मीडिया सेक्टर ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए बाजार को कुछ सहारा दिया। दरअसल, यह गिरावट अमेरिका द्वारा दक्षिणी ईरान में किए गए ताजा सैन्य हमलों के बाद बढ़ी वैश्विक अनिश्चितता का परिणाम है। घरेलू शेयर बाजार के लिए सोमवार का दिन बेहद शानदार रहा। अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की बढ़ती उम्मीदों ने दुनिया भर के निवेशकों में नया जोश भर दिया है. इस सकारात्मक माहौल की बदौलत भारतीय शेयर बाजार भारी बढ़त के साथ बंद हुआ, जिससे ऊर्जा (कच्चे तेल) की कीमतों को लेकर बनी चिंताएं काफी हद तक कम हो गई हैं। कारोबार के अंत में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 इंडेक्स 312.40 अंककी मजबूती के साथ 24,031.70 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 1,073.61 अंक की भारी बढ़त लेकर 76,488.96 के स्तर पर थमा। सतीश मोरे/26मई ---