नई दिल्ली,(ईएमएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को देशवासियों को करमा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए इस पर्व को भाई-बहन के बीच स्नेह और सौहार्द का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर मैं समस्त देशवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना करती हूं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर पोस्ट में लिखा- सभी देशवासियों को करमा पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं। भाई-बहन के बीच स्नेह व सौहार्द का प्रतीक, यह पर्व हमें प्रकृति-संरक्षण का संदेश देता है। इस पावन अवसर पर मैं समस्त देशवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना करती हूं। वहीं झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने भी एक्स पर लिखा- प्रकृति पर्व करमा पूजा की प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह लोकपर्व भाई-बहन के स्नेह के साथ ही प्रकृति संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन का संदेश देता है। यह पर्व सभी के जीवन में स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि लाए, यही मेरी मंगलकामना है। झारखंड के पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा ने कहा कि करमा पूजा की आप सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह पर्व आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए, यही कामना करता हूं। हम सब मिलकर प्रकृति की रक्षा करने और अपनी सांस्कृतिक धरोहर को संजोने का संकल्प लें। वहीं बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा- भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक, करमा पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं। यह पर्व आप सभी के जीवन में सुख समृद्धि एवं खुशहाली लेकर आए, यही मंगलकामना करता हूं। बीजेपी सांसद ढुलू महतो ने एक्स पर लिखा- आप सभी को प्रकृति की उपासना व भाई-बहन के अटूट प्रेम के मनोहर पर्व करमा पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं। मां प्रकृति आप सभी को सदैव ऊर्जावान, स्वस्थ और समृद्ध बनाए रखें। सिराज/ईएमएस 03सितंबर25