दुबई (ईएमएस)। युएई क्रिकेट टीम के कप्तान मुहम्मद वसीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज के मैच में 6 छक्के लगाते ही एक बड़ा रिकार्ड अपने नाम कर लिया है। अब वसीम टी20 अंतरराष्ट्रीय में कप्तान के तौर पर सबसे अधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन गये हैं। इससे पहले ये रिकार्ड भारतीय टी20 टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के नाम था। रोहित ने टी20 में कप्तान के तौर पर 105 छक्के लगाये थे पर अफगानिस्तान के खिलाफ 6 छक्के लगाने के साथ ही यूएई के कप्तान वसीम के नाम अब 110 छक्के हो गये हैं। इस मैच में रिकार्ड बनाने के बाद भी वसीम अपनी टीम को हार से नहीं बचा पाये। अफगानिस्तान ने यूएई को 38 रन से हराया। .वहीं बल्लेबाज के तौर पर रोहित इस समय टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी हैं। वहीं दूसरे नंबर पर वसीम है। वसीम ने 80 मैचों में 176 छक्के लगाये हैं जबकि रोहित ने 159 मैचों में सर्वाधिक 205 लगाये हैं। तीसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल के नाम 176 छक्के हैं। टी20 में कप्तान के तौर पर सबसे अधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ी 1 मुहम्मद वसीम (यूएई) - 110 छक्के 2 रोहित शर्मा (भारत) - 105 छक्के 3 ऑएन मॉर्गन (इंग्लैंड) - 86 छक्के 4 एरॉन फिंच (ऑस्ट्रेलिया) - 82 छक्के 5 कडोवाकी फ्लेमिंग (जापान) - 79 छक्के गिरजा/ईएमएस 03 सितंबर 2025