क्षेत्रीय
05-Sep-2025
...


गुना (ईएमएस)। जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी का पर्व शुक्रवार को जुलूस निकालकर मनाया गया। इसके लिए सुबह से ही तैयारियां शुरु हो गई थीं। जुलूस के स्वागत के लिए शहर में जगह-जगह स्वागत द्वार लगाए गए थे, जहां जुलूस का स्वागत किया जा रहा था। जुलूस शहर के मुख्य मार्गों से होकर निकला। जुलूस में समाज के युवा, बुजुर्ग और बच्चे शामिल रहे। कुछ युवा बाइकों और कुछ जीप आदि पर सवार होकर ध्वज थामे चल रहे थे। आगे बैंडबाजों के साथ घुड़सवार भी शामिल किए गए। गुना शहर के अलावा राघौगढ़, आरोन में भी ईद का जुलूस निकाला गया। मुस्लिम समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि जश्ने ईद मिलादुन्नबी का पर्व हजरत मोहम्मद पैगंबर साहब के जन्म दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन मस्जिद में मिलाद, बयान होते हैं। मोहम्मद साहब के जीवन और उनके कार्यों की शान में नात पढ़ी जाती है। सुबह और शाम दोनों समय कार्यक्रम होते हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुस्लिम समुदाय की ओर से पैगंबर साहब हजरत मुहम्मद के जन्मदिन के अवसर पर शहर में ईद मिलादुन्नबी पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय की ओर से शहर के विभिन्न स्थानों से बैंड-बाजों के साथ जुलूस निकाला गया। इसके माध्यम से दीन-ए-इस्लाम का पैगाम दिया गया। जुलूस में नन्हें-मुन्हें बच्चे बग्गियों में बैठे थे। ईद मिलादुन्नबी के मौके पर लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर पैगंबर साहब हजरत मुहम्मद के जन्मदिन की बधाई दी। वहीं पुलिस और प्रशासन की ओर से कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। उल्लेखनीय है कि ईद मिलादुन्नबी के चलते बुधवार की शाम से मुस्लिम बहुल क्षेत्रों के घरों, मस्जिदों में मिलादुन्नबी की महफिल, जलसा, कुरआन ख्वानी, फातिहा ख्वानी व नात ख्वानी का दौर शुरू हो गया था। मस्जिदों, दरगाहों, घरों व मुहल्लों को फूलों, लाइटों, इस्लामी झंडों, गुब्बारों, झंडियों से सजाया गया। कई जगहों पर जुलूस के स्वागत के लिए गेट भी तैयार किए गए। इस दौरान जुलूस शहर के कर्नलगंज, तलैया मोहल्ला, जामा मस्जिद, जीनघर आदि क्षेत्रों से उठे। जो विभिन्न मार्गों से होते हुए बाजार में एकत्रित हुए। यहां से जुलूस नीचला बाजार, सदर बाजार, लक्ष्मीगंज, बैजू चौराहा होते हुए तलैया मोहल्ला में समापन हुआ। इस दौरान जुलूस में देश के विभिन्न हिस्सों में आई बाढ़ के लिए भी राहत राशि जोड़ी गई। सलमान लाला के फोटो के साथ लगे थे पोस्टर इसी दौरान शहर के श्रीराम कॉलोनी में लगे एक पोस्टर से विवाद खड़ा हो गया। यह पोस्टर इंदौर के गैंगस्टर सलमान लाला को महिमामंडित करते हुए लगाया गया था। इसमें सबसे ऊपर सलमान लाला के कई फोटो लगाए गए। उनके नीचे लिखा गया शरीर मिटता है, मगर नाम नहीं। मिस यू किंग सलमान लाला। मियां ब्रदर्स। जश्ने ईद मिलादुन्नबी की दिली मुबारकबाद। हिंदूवादी संगठनों ने की थी आपत्ति सुबह पोस्टर लगने के बाद इसके फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। हिंदूवादी संगठनों के लोगों ने इस पर आपत्ति की। पुलिस और प्रशासन को हिंदूवादी संगठन के लोगों ने पोस्टर के फोटो भेजे। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया। पुलिस और नगरपालिका ने मिलकर पोस्टर हटवा दिया।-सीताराम नाटानी (ईएमएस)