:: अभूतपूर्व विसर्जन जुलूस में क्रेन से पहनाई गई 31 फीट की माला, मुंबई रवाना :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के पालदा क्षेत्र में आज एक अनूठा और भव्य नज़ारा देखने को मिला, जब पालदा के राजा को मुंबई के लिए नम आँखों से विदाई दी गई। मालवा कला अकादमी द्वारा स्थापित पालदा के राजा के विसर्जन जुलूस में 35 हजार से अधिक भक्तों ने भाग लिया। नासिक के ढोल-नगाड़ों, शहनाई और ढोल ताशों की मंगल ध्वनि के बीच समूचे पालदा क्षेत्र में यह जुलूस धूमधाम से निकाला गया। अकादमी के अध्यक्ष मनोज वर्मा और संयोजक अशोक गोयल ने बताया कि भक्तों ने अपने घरों से निकलकर गणपति बप्पा को जय-जयकार करते हुए भावभीनी विदाई दी। जुलूस का मुख्य आकर्षण क्रेन की मदद से 31 फीट ऊंची पुष्पमाला पहनाना और जेसीबी से फूलों की वर्षा करना रहा। बग्घी और घोड़ों के बीच मंत्री तुलसी सिलावट, सुरेश शीतलानी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने गणपति बप्पा को विदाई दी। इस तरह की भव्य विदाई का नजारा पालदा में पहले कभी नहीं देखा गया। जुलूस की भव्यता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 200 से अधिक सेवादारों ने पूरे जुलूस मार्ग की यातायात और अन्य व्यवस्थाएं संभालीं। एक दर्जन से अधिक मंचों से पालदा के राजा पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया। पालदा के राजा का विसर्जन रविवार को मुंबई में होगा। प्रकाश/6 सितम्बर 2025