नई दिल्ली (ईएमएस)। घरेलू वायदा बाजार में सोमवार को सोने-चांदी की कीमतों की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई। पिछले सप्ताह रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद इस सप्ताह की शुरुआत में निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली देखी गई, जिससे कीमतों में गिरावट आई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर अक्टूबर डिलीवरी वाला सोने का वायदा भाव 272 रुपए की गिरावट के साथ 1,07,456 प्रति 10 ग्राम पर खुलकर 492 रुपए की गिरावट के साथ 1,07,236 रुपए पर कारोबार कर रहा था। इसने दिन का उच्च स्तर 1,07,695 और निम्न स्तर 1,07,200 रुपए छुआ। सितंबर में सोना 1,07,807 रुपए तक जा चुका है, जो अब तक का उच्चतम स्तर है। दूसरी ओर, चांदी के दिसंबर वायदा भाव ने तेज शुरुआत की। यह 1,703 रुपए की तेजी के साथ 1,26,400 रुपए प्रति किलोग्राम पर खुला, लेकिन जल्द ही इसमें गिरावट आ गई। इस समय यह 1,24,090 रुपए पर कारोबार कर रही थी, जो 607 रुपए की गिरावट है। चांदी ने दिन का उच्च 1,26,400 रुपए और निम्न 1,23,750 रुपए दर्ज किया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कमजोरी दिखी। सोना 3,635 डॉलर प्रति औंस पर खुला और गिरकर 3,632.20 डॉलर पर पहुंच गया। वहीं, चांदी 41.46 डालर पर खुलने के बाद 41.27 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। विशेषज्ञों का मानना है कि ऊंची कीमतों के कारण निवेशकों में मुनाफावसूली का रुझान है, जिससे बाजार में हल्की नरमी देखी जा रही है। आने वाले दिनों में फेडरल रिजर्व की नीतियों और डॉलर इंडेक्स की चाल पर नजर रखना अहम होगा। सतीश मोरे/08सितंबर ---