राज्य
08-Sep-2025
...


मुंबई, (ईएमएस)। महाराष्ट्र में गणेश विसर्जन के दिन कई जगहों पर कई दुर्घटनाएँ हुईं। अधिकारियों ने बताया कि गणपति विसर्जन के दौरान 9 लोग डूब गए और 12 लापता हैं। खबर के मुताबिक मुंबई से सटे ठाणे जिले के शाहपुर तालुका के मुंडेवाड़ी में गणेश विसर्जन से लौटते समय, बांध के पास भार्गवी नदी की तेज़ धारा में तीन लोग बह गए, उनके नाम दत्ता लोटे, प्रतीप मुंडे और कुलदीप जकारे हैं। इनमें लोटे और मुंडे के शव बरामद कर लिए गए जबकि जकारे की तलाश जारी है। उधर गणेश विसर्जन के दिन पुणे जिले में अलग-अलग जगहों पर हुई तीन घटनाओं में 5 लोग पानी की तेज धार में बह गए। वाकी खुर्द में भामा नदी में दो लोग बह गए, जबकि शेल पिंपलगांव में एक व्यक्ति पानी में डूब गया। इसके अलावा, ग्रामीण पुणे के बिरवाड़ी में एक व्यक्ति फिसलकर कुएं में गिर गया। जबकि खेड़ में एक 45 वर्षीय व्यक्ति पानी की धारा में बह गया। इन घटनाओं के बाद, आपदा प्रबंधन टीमों ने तुरंत तलाशी अभियान शुरू किया। अब तक तीन के शव बरामद कर लिए गए हैं और बाकी दो की तलाश जारी है। वहीं गणेश विसर्जन के दिन नासिक जिले में 5 लोग पानी में बह गए। ये घटनाएं सिन्नर और कलवन इलाकों में हुईं और अब तक दो के शव बरामद किए जा चुके हैं। बाकी तीन की तलाश जारी है। जबकि नांदेड़ जिले के गंडगांव में भी तीन लोग नदी में बह गए। घटनास्थल पर तत्काल राहत कार्य शुरू किया गया और एक व्यक्ति को बचा लिया गया। बाकी दो लोगों की तलाश जारी है। जलगांव जिले में विभिन्न जगहों पर हुई घटनाओं में तीन लोग पानी में बह गए। उधर वाशिम जिले में दो लोग पानी में डूब गए और उनमें से एक का शव बरामद कर लिया गया। इस बीच, शनिवार दोपहर करीब 3 बजे पालघर जिले के विरार (पश्चिम) में नारंगी जेट्टी के पास विसर्जन के दौरान तीन लोग एक नाले में बह गए। संबंधित अधिकारियों ने रविवार को बताया कि नाव की मदद से उन्हें बचा लिया गया। वहीं अमरावती शहर में एक व्यक्ति पानी में डूब गया और उसका शव आपदा प्रबंधन दल ने बरामद कर लिया। रविवार सुबह मुंबई के साकीनाका इलाके में खैरानी रोड पर एक गणेश प्रतिमा के बिजली के तार के संपर्क में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और 5 लोग घायल हो गए। यह जानकारी मनपा के अधिकारियों ने दी। संजय/संतोष झा- ०८ सितंबर/२०२५/ईएमएस