-पीएम ओली के इस्तीफ के बाद जनरल अशोक राज का नाम सुर्खियों में काठमांडू,(ईएमएस)। नेपाल में बढ़ते हिंसक प्रदर्शन के बीच पीएम केपी शर्मा ओली ने इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रपति पौडेल के निजी आवास पर कब्जा कर लिया गया है। मंत्रियों के घरों को आग के हवाले कर दिया गया है और कई मंत्री इस्तीफा दे चुके हैं। इन सबके बीच अगर नेपाल में सत्ता संघर्ष या व्यापक अशांति होती है तो संवैधानिक प्रावधानों के तहत देश की अस्थाई बागडोर सेना प्रमुख को सौंपी जा सकती है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राजधानी काठमांडू समेत कई इलाकों में आगजनी, तोड़फोड़ और पथराव की घटनाएं सामने आ रही हैं। हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं और माना जा रहा है कि राजनीतिक अस्थिरता और सुरक्षा चुनौतियों के बीच नेपाली सेना मुख्य सेनाध्यक्ष के हाथ में देश की अस्थाई कमान दी जा सकती है। इसी वजह से सेना प्रमुख जनरल अशोक राज सिगडेल का नाम सुर्खियों में आ गया है। नेपाल में नई सियासी चुनौती या इमरजेंसी की स्थिति में सेना प्रमुख की भूमिका अहम हो जाती है। यदि सत्ता संघर्ष या व्यापक अशांति होती है तो संवैधानिक प्रावधानों के तहत देश की अस्थाई बागडोर सेना प्रमुख संभालेंगे। जनरल सिगडेल की अनुभव, छवि और रणनीति के कारण उन्हें इस वक्त नेपाल की सबसे अहम शख्सियतों में गिना जा रहा है। जनरल सिगडेल प्रभावी नेतृत्व, रणनीतिक सूझ-बूझ और वैश्विक सैन्य संबंधों के पक्षधर माने जाते हैं। हाल के वर्षों में नेपाल में आंतरिक व्यवस्था, सीमा विवाद और आपदा प्रबंधन में उनकी भूमिका अहम रही है। भारत की नेबर फर्स्ट पॉलिसी के तहत भी उन्हें विशेष तवज्जो मिली है। बता दें जनरल अशोक राज सिगडेल का जन्म 1 फरवरी 1967 को नेपाल में हुआ था। सैन्य शिक्षा और अनुभव के चलते वे लगातार सेना में पदोन्नति पाते रहे और आखिरकार 9 सितंबर 2024 को नेपाल के राष्ट्रपति से सेनाध्यक्ष पद की शपथ ली। वे जनरल प्रभुराम शर्मा के उत्तराधिकारी बने, जिन्होंने अपने कार्यकाल में भारतीय सेना व क्षेत्रीय सहयोग को मजबूती दी थी। जनरल सिगडेल ने नेपाल के सैन्य ढांचे को आधुनिक करने की दिशा में कई अहम कदम उठाए हैं। दिसंबर 2024 में उन्होंने भारत का चार दिवसीय दौरा किया था, जहां उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय सेना के जनरल की मानद रैंक से भी सम्मानित किया गया था। उनकी भारतीय रक्षा मंत्री और भारतीय रक्षा अधिकारियों से मुलाकात हुई, जिसने नेपाल-भारत रिश्तों में नई ऊर्जा भरी थी। सिराज/ईएमएस 09सितंबर25