अंतर्राष्ट्रीय
09-Sep-2025


पेरिस (ईएमएस)। फ्रांस के प्रधानमंत्री फ़्रांस्वा बायरू ने संसद में विश्वास मत खो दिया, जिससे उनकी सरकार गिर गई। अब राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को 12 महीनों के भीतर चौथी बार नए प्रधानमंत्री की तलाश करनी होगी। बायरू की सरकार के पक्ष में 194 वोट पड़े, जबकि 364 सांसदों ने इसके खिलाफ मतदान किया। बायरू ने अपनी कुर्सी बचाने की भरपूर कोशिश की। उन्होंने सांसदों से फ़्रांस के बढ़ते कर्ज पर नियंत्रण पाने की उनकी योजना का समर्थन करने का आग्रह किया, जिसे उन्होंने डुबोने वाला बताया। नेशनल असेंबली में दिए गए भाषण में, बायरू ने चेतावनी दी कि बढ़ता सार्वजनिक घाटा और कर्ज देश के भविष्य के लिए खतरा है और आने वाली पीढ़ियों पर भारी पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह कर्ज फ़्रांस को विदेशी कर्जदाताओं के प्रति कमजोर बना देगा और अगर इस नियंत्रित नहीं किया गया, तब देश की सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाएगा। उन्होंने कहा, हमारे देश के लोग सोचते हैं कि यह समृद्ध होता जा रहा है, लेकिन असल में देश गरीब होता जा रहा है। इस बीच, मैक्रों के विरोधी, जिसमें ले पेन भी शामिल हैं, इस संकट का फायदा उठाकर नए चुनाव कराने, मैक्रों के इस्तीफे का दबाव बनाने या अगली सरकार में पदों के लिए होड़ लगाने की कोशिश कर रहे हैं। 577 सीटों वाली नेशनल असेंबली ने इस राजनीतिक संकट के कारण अपने ग्रीष्मकालीन अवकाश को बीच में ही रोक दिया। आशीष दुबे / 09 सिंतबर 2025