ज़रा हटके
12-Sep-2025
...


फ्लोरिडा (ईएमएस)। हाल ही में वैज्ञानिकों ने समुद्र की गहराई रहने वाली घोस्ट शार्क के बारे में एक चौंकाने वाली जानकारी साझा की है। उसके अनुसार, नर घोस्ट शार्क संभोग के दौरान अपने सिर पर नुकीले दांत उगाते हैं ताकि मादा को काबू में रखा जा सके। वैज्ञानिकों के ताजा अध्ययन के अनुसार, नर घोस्ट शार्क अपने माथे पर टेनकुला नाम की संरचना विकसित करते हैं। यह छड़ जैसी आकृति नुकीले दांतों से बनी होती है और इसका मकसद होता है मादा को मजबूती से पकड़ना ताकि वे संभोग के दौरान भाग न सकें। वैज्ञानिकों का कहना है कि यह संरचना रीढ़धारी जीवों में प्रजनन के लिए एक बेहद अनोखा और दुर्लभ तरीका है। खास बात यह है कि यह टेनकुला केवल नर मछलियों में ही पाया जाता है। फ्लोरिडा विश्वविद्यालय के डॉ. गैरेथ फ्रेजर के नेतृत्व में की गई इस रिसर्च में जीवाश्म और जेनेटिक विश्लेषण का सहारा लिया गया। अध्ययन के दौरान वैज्ञानिकों को करीब 31.5 करोड़ साल पुराने जीवाश्म में भी टेनकुला के सबूत मिले। यह खोज इस बात की ओर इशारा करती है कि ये दांत जबड़े के दांतों के ही समान हैं और दोनों एक ही जेनेटिक प्रोग्राम के जरिए विकसित हुए हैं। सीटी स्कैन से यह भी सामने आया कि टेनकुला पर मौजूद दांत शार्क के जबड़ों की तरह बिल्कुल साफ पंक्तियों में व्यवस्थित रहते हैं। इससे वैज्ञानिक इस निष्कर्ष पर पहुंचे कि घोस्ट शार्क के सिर पर उगने वाले ये दांत और उनके जबड़ों के दांत एक ही जैविक प्रक्रिया से बने हैं। हालांकि, इनका निर्माण त्वचा पर मौजूद डेंटिकल्स से बिल्कुल अलग है, जिससे यह संरचना और भी विशिष्ट और रहस्यमयी बन जाती है। यह खोज समुद्र के रहस्यमयी जीवों की प्रजनन रणनीतियों पर नई रोशनी डालती है। सुदामा/ईएमएस 12 सितंबर 2025