इंदौर (ईएमएस)। इंदौर प्रेस क्लब के बहुप्रतीक्षित त्रैवार्षिक चुनाव 14 सितंबर को शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो गए। इस चुनाव में अनुभवी पत्रकार दीपक कर्दम को अध्यक्ष और प्रदीप जोशी को महासचिव पद पर चुना गया है। कुल 904 योग्य मतदाताओं में से 799 पत्रकारों ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर नई कार्यकारिणी का चयन किया। मतदान सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चला, जिसके बाद मतगणना शुरू हुई और देर रात नतीजों की घोषणा की गई। :: प्रमुख पदों पर कांटे की टक्कर :: अध्यक्ष पद पर दीपक कर्दम ने 321 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। उनके प्रतिद्वंद्वी हेमंत शर्मा और अंकुर जायसवाल भी मैदान में थे। उपाध्यक्ष पद पर दो उम्मीदवारों को चुना गया, जिसमें संजय त्रिपाठी ने सर्वाधिक 411 मत और प्रियंका पाण्डे ने 342 मत प्राप्त किए। इस पद के लिए धर्मेश यशलहा, धीरज दुबे, गोविंद शर्मा, पंकज दीक्षित और संजय जोशी भी चुनाव लड़ रहे थे। महासचिव पद पर प्रदीप जोशी ने 410 मतों के साथ निर्णायक जीत दर्ज की। इस पद के लिए अभिलाष शुक्ला, अजय पौराणिक और पंकज शर्मा भी उम्मीदवार थे। सचिव पद पर अभिषेक चेंडके 342 मतों के साथ विजयी रहे। कोषाध्यक्ष पद पर मुकेश तिवारी ने 427 मतों के साथ सबसे बड़ी जीत हासिल की। महिला प्रतिनिधि के पद पर पूनम शर्मा ने 350 मत प्राप्त कर विजय प्राप्त की। :: कार्यकारिणी में इन सदस्यों ने बनाई जगह :: कार्यकारिणी के छह पदों के लिए कुल 18 प्रत्याशी मैदान में थे। इनमें से मनीष मक्खर (411 मत), अभय तिवारी (405 मत), प्रमोद दीक्षित (350 मत), अंशुल मुकाती (349 मत), श्याम काम्बले (336 मत) और विजय भट्ट (289 मत) को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में चुना गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी रितेश ईनाणी ने मतदान और मतगणना की पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराया। प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अरविंद तिवारी ने चुनाव को सफल बनाने के लिए पूरी निर्वाचन टीम का आभार व्यक्त किया। प्रकाश/15 सितम्बर 2025