राज्य
16-Sep-2025


- भाजपा में 70 पार विधायकों की सबसे लंबी सूची पटना, (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी ने इस साल के अंत तक होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी सक्रियता तेज कर दी है। चुनावी रणनीति तय करने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार का दौरा कर चुके हैं। इसके बाद अब केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के चाणक्य कहे जाने वाले अमित शाह भी आगामी 18 सितंबर को बिहार दौरे पर आ रहे हैं। इस बीच अमित शाह का यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। सूत्रों की मानें तो, अमित शाह एनडीए में सीटों के बंटवारे और भाजपा में टिकटों के बंटवारे पर चर्चा कर सकते हैं। अंदरखाने जो ख़बरें सुनी जा रही है उसके मुताबिक इस बार भाजपा 30 फीसदी विधायकों के टिकट काट सकती है। दरअसल, 243 सदस्यीय विधानसभा में इस समय 65 वर्ष से अधिक उम्र वाले 68 विधायक मौजूद हैं, जिनमें से 31 की आयु 70 से 80 वर्ष के बीच है। भाजपा में 70 पार विधायकों की सबसे लंबी सूची है। इनमें कई बार के विधायक और मंत्री शामिल हैं। सूत्र बताते हैं कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने दौरे पर भाजपा विधायकों की परफॉर्मेंस चेक करने वाले हैं। इसमें विधायकों की जनसंपर्क क्षमता, क्षेत्र में पकड़, संगठन के साथ तालमेल और जनता में छवि का आकलन किया जाएगा। पार्टी का इस बार सबसे ज्यादा फोकस उन सीटों पर है, जहां पिछली बार कुछ वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। इस बार वहां पर नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है। पार्टी के इंटरनल सर्वे में जिन विधायकों का प्रदर्शन खराब निकलेगा, उनका टिकट भी कट सकता है। दरअसल, भाजपा का लक्ष्य है कि बिहार में एनडीए की सीटें बढ़ाई जाए और 2025 के विधानसभा चुनाव में फिर से सत्ता हासिल की जाए। चर्चा यह भी है कि कई सीटों पर युवा और ऊर्जावान चेहरों को उतारकर चुनावी समीकरण बदलने की तैयारी में भाजपा जुटी है। ऐसे में कई वरिष्ठ विधायक अपनी उम्मीदवारी बचाने के लिए अपने बेटे-बेटियों को आगे करने की कोशिश में जुट गए हैं। वहीं खबर ये भी है कि कई लोग टिकट पाने के लिए आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के शरण में पहुंच गए हैं या जाने वाले हैं। संतोष झा- १६ सितंबर/२०२५/ईएमएस