क्षेत्रीय
18-Sep-2025
...


दुर्ग(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एकतरफा प्यार ने खून की वारदात को जन्म दे दिया। खुर्शीपार थाना क्षेत्र में बीती रात एक सिरफिरे आशिक ने लड़की के भाई से रंजिश निकालने के लिए उसके दोस्त की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, आरोपी सुरेंद्र महानंद लंबे समय से योगेंद्र सिंह की चचेरी बहन से एकतरफा प्रेम करता था। कुछ महीने पहले वह दीवार फांदकर योगेंद्र के घर में घुस गया था, जिस पर परिजनों ने उसके खिलाफ खुर्शीपार थाने में मामला दर्ज कराया था। तभी से दोनों के बीच दुश्मनी चल रही थी। बीती रात करीब 11:30 बजे योगेंद्र अपने दोस्त कामेश राव के साथ बस्ती में बैठा था। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और योगेंद्र से बहस करने लगा। विवाद बढ़ा तो बीच-बचाव करने आए कामेश पर सुरेंद्र ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल कामेश को स्थानीय लोग लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस दौरान आरोपी ने योगेंद्र पर भी हमला किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सुरेंद्र महानंद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि यह मामला एकतरफा प्यार और पुराने विवाद से जुड़ा हुआ है। आरोपी से पूछताछ जारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)18 सितंबर 2025