राज्य
18-Sep-2025


अहमदाबाद (ईएमएस)|मानसून की विदाई के बीच 23 सितंबर तक राज्य में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। नवरात्रि की शुरुआत के दिनों में भी मेघा गरज सकते हैं। राज्य में अब तक मानसून सीजन में 33 इंच से अधिक बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 26 प्रतिशत अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार गुजरात के कुछ जिलों में अगले 2 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पिछले कई दिनों से बारिश में राहत देखने को मिल रही थी, लेकिन यह राहत ज्यादा दिन की नहीं रहेगी। मौसम विभाग ने फिर से नई भविष्यवाणी की है और राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजस्थान से मानसून की विदाई शुरू हो गई है। गुजरात में भी उत्तर भाग से मानसून विदा ले रहा है, लेकिन कुछ हिस्सों में अभी भी बारिश की संभावना बनी हुई है। आगामी नवरात्रि के त्योहार के दौरान भी हल्की बारिश की संभावना है, जिससे खेलैयों का आनंद बिगड़ सकता है। ऊपरी हवा में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और विदड्रॉअल लाइन सक्रिय हो गई है। अब तक राज्य में सामान्य से 25% अधिक बारिश दर्ज की गई है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है। गुजरात के कच्छ के कुछ हिस्सों से मानसून की विदाई हो चुकी है। बता दें कि गुजरात में मानसून की अब तक 108% से अधिक बारिश हो चुकी है| जिसमें कच्छ जिले में सबसे ज्यादा 136% बारिश दर्ज की गई है। वहीं उत्तर गुजरात में औसत की तुलना में 119% बारिश हुई है। पूर्व-मध्य गुजरात में 110% से अधिक और दक्षिण गुजरात में 111% से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। ताज़ा स्थिति के अनुसार सौराष्ट्र में लगभग 94% बारिश हुई है। सौराष्ट्र में अब तक बारिश की कमी बनी हुई है। सतीश/18 सितंबर