राष्ट्रीय
18-Sep-2025


जामताडा,(ईएमएस)। झारखंड के जामताड़ा में साइबर पुलिस ने साइबर अपराधी और उसके गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह फ्लाइट से असम जाकर सिम कार्ड खरीदता था और फिर उन्हें झारखंड और बिहार के कई जिलों में 2500 रुपये तक में बेचता था। पुलिस ने गिरोह के सरगना अकबर अंसारी को गिरफ्तार किया है। जामताड़ा के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के मुर्गाबनी गांव से अकबर अंसारी को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से 377 सिम कार्ड, इंडिगो एयरलाइंस के फ्लाइट टिकट, दो मोबाइल फोन और तीन एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं। यह गिरोह असम से सिम कार्ड लाकर जामताड़ा, गिरिडीह, देवघर, धनबाद और बिहार के कई जिलों में साइबर अपराधियों को बेचता था। वह खुद भी अपने फोन में असम का ही सिम कार्ड इस्तेमाल करता था। एसपी राजकुमार मेहता के अनुसार, यह साइबर अपराध के मामले में एक नई तरह की गिरफ्तारी है। यदि इन सिम कार्डों का इस्तेमाल होता तो सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये की साइबर ठगी हो सकती थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर अन्य साइबर अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है। यह गिरफ्तारी साइबर अपराध को रोकने की दिशा में एक बड़ी सफलता है, जिससे करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी को रोका जा सका है। आशीष दुबे / 18 सिंतबर 2025