:: 12 ज्योतिर्लिंगों और 23 दुर्गा स्वरूपों के होंगे दर्शन ; दलेर मेहंदी और लखवीर सिंह लक्खा देंगे प्रस्तुति :: इंदौर (ईएमएस)। कृष्णगिरी पीठाधीश्वर वसंत विजयानंद गिरी महाराज के सानिध्य में इंदौर में 22 सितंबर से 02 अक्टूबर तक दिव्य सनातन सिद्धि नवरात्रि महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। पार्श्व पद्मावती सेवा न्यास और पार्श्व पद्मावती सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस महोत्सव में साधना, हवन, देवी भागवत कथा और विशेष मार्गदर्शन सहित कई कार्यक्रम होंगे। महोत्सव के लिए वीआईपी परस्पर नगर में बड़े पैमाने पर तैयारियां की गई हैं। आयोजन स्थल पर 425 फीट चौड़ा और 65 फीट ऊँचा एक विशाल प्रवेश द्वार बनाया गया है। 25 एकड़ के विशाल प्रांगण में श्रद्धालुओं को 50-50 फीट ऊँचे 12 ज्योतिर्लिंगों की भव्य प्रतिकृति के दर्शन होंगे, साथ ही देवी दुर्गा के 23 भव्य स्वरूपों का भी दर्शन लाभ मिलेगा। महोत्सव में एक विशाल यज्ञशाला भी बनाई गई है, जहाँ 108 विद्वान आचार्य 30,000 किलो शुद्ध मेवे और 20,000 किलो चंदन, 7,000 किलो गाय के शुद्ध देशी घी जैसी पवित्र समिधाओं से आहुति देंगे। :: रोजाना प्रवचन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे :: महोत्सव के दौरान रोजाना रात्रि 8 बजे वसंत विजयानंद गिरी महाराज विभिन्न धार्मिक विषयों पर विशेष प्रवचन देंगे, जिनमें पढ़ाई में सफलता के रहस्य, गुरु कृपा, व्यापार में सफलता और वास्तु दोष पर मार्गदर्शन जैसे विषय शामिल है। रात्रि 10 बजे से रोजाना सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे, जिसमें सुप्रसिद्ध गायक दलेर मेहंदी, लखवीर सिंह लक्खा, उस्मान मीर और ड्रम आर्टिस्ट शिवामणि अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अतिरिक्त, एक अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें सुरेंद्र शर्मा और शशिकांत यादव जैसे प्रसिद्ध कवि शामिल होंगे। :: भव्य चुनरी यात्रा निकलेगी :: महोत्सव के अंतर्गत 28 सितंबर को सुबह 9 बजे अन्नपूर्णा मंदिर से महोत्सव स्थल तक एक विशाल चुनरी यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा के लिए विशेष रूप से 2007 फीट की चुनरी तैयार करवाई गई है। आयोजन समिति ने दिव्य महायज्ञ, कलश अनुष्ठान, चुनरी यात्रा और प्रवेश द्वार को लेकर विश्व कीर्तिमान के लिए दावे भी प्रस्तुत किए हैं। समिति के अनुसार, पूर्व में भी वसंत विजयानंद गिरी महाराज के कई आयोजनों को गिनीज बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में जगह मिल चुकी है। महोत्सव में देश-विदेश से हजारों भक्तों के शामिल होने की उम्मीद है। प्रकाश/18 सितम्बर 2025