राष्ट्रीय
13-Oct-2025
...


राधे-राधे जयकारों से गूंज उठी वृंदावन की गली-गली मथुरा (ईएमएस)। वृंदावन में मशहूर संत प्रेमानंद महाराज 10 दिन बाद पदयात्रा पर निकले। महाराज की झलक पाकर भक्तों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े और हजारों की भीड़ जोर-जोर से राधे-राधे का जयकारा लगाने लगी। बात दें कि प्रेमानंद महाराज 2 अक्टूबर से पदयात्रा नहीं कर रहे थे। केली कुंज आश्रम ने इसके पीछे उनके स्वास्थ्य का हवाला दिया था। हालांकि, इस दौरान वे आश्रम में ही एकांतिक वार्ता (भक्तों से बातचीत) करते रहे। दरअसल मथुरा-वृंदावन से संत प्रेमानंद जी महाराज के भक्तों के लिए रविवार की सुबह खुशखबरी लेकर आई। काफी दिन बाद प्रेमानंद महाराज ने अपनी पदयात्रा फिर शुरू की। सुबह करीब 3 बजे श्री राधे हित केलिकुंज आश्रम से बाहर निकलते ही उन्होंने परिक्रमा मार्ग की ओर प्रस्थान किया। इस दौरान उनके दर्शन के लिए भारी संख्या में भक्त उमड़ पड़े। परिक्रमा मार्ग राधे-राधे के जयकारों से गूंजने लगा। भक्तों का उत्साह देखकर प्रेमानंद महाराज कई स्थानों पर रुककर उनकी तरफ मुस्कुराते हुए दिखाई दिए। प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य में सुधार को देखकर भक्तों ने भी राहत की सांस ली। उनकी एक झलक पाने को हजारों भक्त पहले से ही खड़े थे। महाराज को देखते ही भक्तों के चेहरे खिल उठे। भक्तों ने कहा, जब से हमने सुना था कि महाराज जी की तबीयत खराब है, हम बहुत चिंतित थे। लेकिन अब उन्हें स्वस्थ देखकर मन को सुकून मिला। वे हम सभी को आशीर्वाद देते हुए आगे बढ़ गए। प्रेमानंद महाराज वृंदावन में श्रीकृष्ण शरणम् सोसाइटी से रमणरेती स्थित आश्रम हित राधा केली कुंज के लिए निकलते हैं। 2 किमी पैदल चलकर जाते हैं। उनके दर्शन के लिए रात को हजारों की संख्या में भक्त पहुंचते हैं। आशीष दुबे / 13 अक्टूबर 2025