राज्य
15-Oct-2025


- जमीनी विवाद को लेकर किये गये अपमान के कारण उठाया था कदम, दो आरोपी गिरफ्तार भोपाल(ईएमएस)। देहात इलाके के बैरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम झकरिया में जमीन के विवाद से परेशान होकर करीब सप्ताह भर पहले खुद पर केरोसिन डालकर आग लगाने वाले किसान की मौत के मामले में पुलिस ने उसके परिजनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामला कायम करने के साथ ही पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं अन्य आरोपियो की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक ग्राम झिकारिया खुर्दे में रहने वाले वाहिद पुत्र बख्तेयार खान (55) पेशे से किसान थे। परिवार वालो का आरोप है की मृतक वाहिद का अपने चचेरे भाइयों से खेत की जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। शनिवार शाम वह अपना हिस्सा मांगने रिश्तेदारों के पास गए थे, वहॉ उनके साथ दुर्व्यवहार कर मारपीट की गई। इसके बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गए और 9 अक्टूबर को घर लौटकर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। परिवार वालो ने गंभीर रूप से झुलसे वाहिद को इलाज के लिये हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां सोमवार सुबह उन्होनें दम तोड़ दिया था। अपने मृत्यु पूर्व बयानो में उन्होनें पुलिस को बताया था, कि संपत्ति को लेकर उनका परिवार के अन्य सदस्यों से विवाद चल रहा था। वह उन्हें प्रताड़ित कर रहे थे। साथ ही उन्होंने प्रताड़ित करने वाले आरोपियों के नाम बताए थे। जिसमें खालिद, सादिक, गुड्डू, बदू, वसीम, हबीब, शरीफ, हनीफ, शराफत, असद और आसिफ नाम बताए थे। बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच में जुटी हुई है। जुनेद / 15 अक्टूबर