:: प्रख्यात नेत्र रोग विशेषज्ञ ने कोविड और ब्लैक फंगस के कठिन दौर में भी की थी सेवा; चिकित्सा, शिक्षा और मानवता का थे अद्भुत संगम :: इंदौर (ईएमएस)। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने प्रख्यात नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. विजय भाईसारे के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि डॉ. भाईसारे का जीवन चिकित्सा, शिक्षा और मानवता का अद्भुत संगम रहा। उप मुख्यमंत्री ने डॉ. भाईसारे के योगदान को याद करते हुए कहा कि महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज, इंदौर के नेत्र रोग विभागाध्यक्ष के रूप में उन्होंने चिकित्सा शिक्षा को नई दिशा दी। कोविड-19 एवं ब्लैक फंगस के कठिन दौर में भी उन्होंने अदम्य साहस और सेवा भावना के साथ कार्य किया। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। :: डॉ. भाईसारे का उल्लेखनीय योगदान :: डॉ. भाईसारे की उपलब्धियों में यह शामिल है कि वे मध्यप्रदेश के पहले पीएच.डी. गाइड थे और एक उत्कृष्ट शिक्षक तथा प्रेरणादायक मार्गदर्शक के रूप में जाने जाते थे। उन्होंने एम्स, नई दिल्ली के आर.पी. सेंटर से एम.बी.बी.एस. एवं एम.एस. की उपाधि प्राप्त की थी और रेटिनोपैथी ऑफ़ प्रीमैच्यूरिटी पर उल्लेखनीय अनुसंधान किया था। प्रकाश/16 अक्टूबर 2025