मुंबई (ईएमएस)। राजस्थान के कोटा में अपने लाइव परफॉर्मेंस से भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ने फैंस के दिलों में छा जाने वाला जादू दिखाया। कार्यक्रम में उनके साथ सिंगर सुगम सिंह भी मौजूद थे, और दोनों ने मिलकर फैंस को डांस करने पर मजबूर कर दिया। विशेष रूप से उन्होंने राजस्थानी फोक सॉन्ग कालयो कूद पड़यो मेळा मैं गाकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। रेड साड़ी और सिर पर सतरंगी पगड़ी में नजर आईं अक्षरा ने इंस्टाग्राम पर इस कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो शेयर किए, जिसमें उनके उत्साही फैंस उनके साथ झूमते दिखाई दिए। अक्षरा ने सोशल मीडिया पर फैंस के लिए अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए लिखा, आज कोटा में अपने लोगों से प्यार पाकर बहुत अच्छा लगा। कभी-कभी सोचती हूं कहां से कहां पहुंचा दिया आप लोगों ने। बहुत प्रेरक शक्ति दी है मुझे। जब तक हूं, साथ बनाए रखना। फैंस ने भी कार्यक्रम की जमकर तारीफ की। एक यूजर ने लिखा, प्रोग्राम में बहुत आनंद आया, बस दुख इस बात का है कि आपसे मिल नहीं पाया। वहीं, दूसरे यूजर ने कहा, सच में कोटा दशहरा मेला 2025 में भौकाल मचा दिया, गर्दा उड़ा दिया। वर्क फ्रंट की बात करें तो अक्षरा की फिल्म रूद्रशक्ति रिलीज हो चुकी है, जिसमें उनके साथ विक्रांत सिंह राजपूत ने अभिनय किया। यह फिल्म पिछले जन्म के रिश्ते पर आधारित एक प्योर लव स्टोरी है और दर्शकों से अच्छा रिस्पांस मिला है। इसके अलावा अक्षरा निरहुआ के साथ सात फेरे चार वचन और अम्बे है मेरी मां में भी नजर आएंगी। इन फिल्मों की शूटिंग पूरी हो चुकी है और अब ट्रेलर रिलीज होने वाला है। साथ ही, अक्षरा सिंह ने अपने गानों से भी फैंस का दिल जीता है। उन्होंने कई हिट गाने दिए हैं, जिनमें करवाचौथ स्पेशल सॉन्ग राम जी से विनती करीला, चल जाईब मायके, भोली सी मईया, और पटना की जगुआर शामिल हैं। सुदामा/ईएमएस 17 अक्टूबर 2025