इन्दौर (ईएमएस) दीवाली के अवसर पर संस्था तरुण मंच द्वारा शहर में सबसे बड़ी रंगोली बनाई जा रही है जिसे महाराष्ट्र की कलाकार अमृता सेनाड़ स्थानीय कलाकारों की सहायता से बनाएगी। स्वदेशी थीम पर बनाई जा रही रंगोली शहरवासियों को आत्मनिर्भर भारत का संदेश भी देगी। संयोजक प्रशांत बडवे ने बताया कि रंगोली निर्माण की शुरुआत आज सुबह लता मंगेशकर सभागृह में भूमि देवता का विधिवत पूजन कर हुई। रंगोली बनाने में 50 क्विंटल से भी अधिक रंगोली के रंगों का उपयोग किया जाएगा। 18 और 19 अक्टूबर को दोपहर 4 से रात्रि 10 बजे तक शहरवासी रंगोली का अवलोकन कर सकेंगे। इस दौरान रंगोली कलाकारों हेतु रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया है। स्पर्धा में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी लता मंगेशकर सभागृह के परिसर में आ कर रंगोली बना सकते हैं। सभी प्रतिभागियों को उदय वडनेरकर एवं खळे परिवार के सौजन्य से आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। आयोजन स्थल पर मराठी व्यंजनों के स्टॉल भी रहेंगे। जहां।दीवाली पर मराठी घरों में बनाए जाने वाले स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध रहेंगे। आज 18 अक्टूबर को दोपहर 4 बजे इस दो दिवसीय भव्य आयोजन का विधिवत शुभारंभ विधायक मधु वर्मा, संभागायुक्त सुदाम खाड़े, आय डी ए के सी ई ओ परीक्षित झाड़े, बृहन्महाराष्ट्र मंडळ के अध्यक्ष मिलिंद महाजन के आतिथ्य में होंगा। आनन्द पुरोहित/ 17 अक्टूबर 2025.