लखनऊ (ईएमएस)। समाजवादी पार्टी के मुखिया एवं उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार अयोध्या में दीयों पर हर साल बार-बार इतना धन क्यों खर्च कर रही है, यह समझ से परे है। दुनिया के तमाम देशों में क्रिसमस पर महीनों रोशनी रहती है, उनसे सीखना चाहिए। साथ ही कहा कि सपा सरकार बनने पर हर साल कुम्हारों से एक करोड़ दीये खरीदे जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि बुल (सांड) और बुलडोजर के खिलाफ है। पत्रकारों से बातचीत में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने दिवाली पर बिजली कटौती के सवाल पर कहा कि भाजपा सरकार फुस फुलझड़ी है इसलिए उससे कोई उम्मीद नहीं रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ बिहार चुनाव में स्टार प्रचारक बनकर नहीं, बल्कि स्टार विभाजक बनकर जा रहे हैं। भाजपा बांटो और राज करो की नीति पर चल रही है। उन्होंने कहा कि सपा भेदभाव के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है। स्मार्ट सिटी के नाम पर आया बजट लूट लिया गया है। लखनऊ समेत सभी प्रमुख शहर जाम में फंसे हैं। बिजली का निजीकरण करने के लिए पूरी व्यवस्था को खराब कर दिया। प्रदेश का बजट आठ लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का हो गया है, लेकिन विकास का कोई कार्य नहीं दिख रहा है। घरों में चोरिया हो रही हैं। महिलाएं असुरक्षित हैं। सरकार भेड़िया, तेंदुआ और गुलदार के हमले से लोगों को नहीं बचा पा रही है। एक सवाल के जवाब में कहा कि काशी विद्यापीठ में टॉपर छात्र घोषित करने में भेदभाव नहीं होना चाहिए। जितेन्द्र 19 अक्टूबर 2025