राष्ट्रीय
19-Oct-2025


नई दिल्ली (ईएमएस)। ऑस्ट्रेलिया में भारतीय सेना और ऑस्ट्रेलियाई सेना के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘ऑस्ट्राहिंद-2025’ पूरे जोश और उत्साह के साथ चल रहा है। यह अभ्यास आतंकवाद-रोधी अभियानों, उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में संचालन और संयुक्त मानवीय सहायता एवं आपदा राहत कार्यों पर केंद्रित है। यह अभ्यास दोनों देशों के बीच चौथा संस्करण है। इसमें दोनों देशों की सेनाएं सामरिक अभ्यास, फायरिंग ड्रिल, फील्ड प्रशिक्षण और योग सत्रों में भाग ले रही हैं। इन गतिविधियों से सैनिकों का अनुशासन, तालमेल और संयुक्त कार्यक्षमता बढ़ रही है। भारतीय सेना के अनुसार, इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य दोनों सेनाओं के बीच आपसी सहयोग बढ़ाना और साझा सुरक्षा चुनौतियों से निपटने की क्षमता मजबूत करना है। अभ्यास के दौरान संयुक्त कमांड पोस्ट अभ्यास, लाइव फायरिंग और फील्ड प्रशिक्षण भी आयोजित किए जा रहे हैं। इससे वास्तविक युद्ध परिस्थितियों में दोनों सेनाओं की क्षमता बढ़ती है। ‘ऑस्ट्राहिंद’ श्रृंखला 2022 में शुरू हुई थी और तब से यह द्विपक्षीय रक्षा संबंधों में महत्वपूर्ण मंच बन गया है। इस अभ्यास में भारतीय सेना की 120 जवानों और अधिकारियों वाली टुकड़ी भाग ले रही है, जिसका नेतृत्व गोरखा राइफल्स की एक बटालियन कर रही है। इसमें इंडियन आर्मी की विभिन्न टुकड़ियों के चयनित सैनिक शामिल हैं। यह अभ्यास शहरी, अर्ध-शहरी और खुले रेगिस्तानी क्षेत्रों में किया जा रहा है, जिसमें रणनीति बनाना, सामरिक अभ्यास, विशेष हथियारों के कौशल और मिशनों का संचालन शामिल है। अभ्यास 26 अक्टूबर तक ऑस्ट्रेलिया में जारी रहेगा और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता को मजबूत करने में दोनों देशों की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सुबोध/१९ -१०-२०२५