राष्ट्रीय
19-Oct-2025


नई दिल्ली (ईएमएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। यह दिन 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में चीनी सशस्त्र टुकड़ी के घातक हमले में शहीद हुए 10 वीर जवानों की याद में मनाया जाता है। पुलिस स्मृति दिवस पुलिसकर्मियों के बलिदान और राष्ट्रीय सुरक्षा में उनकी भूमिका को सम्मानित करने के लिए प्रतिवर्ष मनाया जाता है। बता दें कि पीएम मोदी ने 2018 में चाणक्यपुरी, नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक को देश को समर्पित किया था। यह स्मारक पुलिस बलों के लिए राष्ट्रीय पहचान, गर्व और एकता का प्रतीक है। स्मारक में एक केंद्रीय शिल्पकृति, ‘शौर्य की दीवार’ और एक संग्रहालय मौजूद हैं। 30 फुट ऊंची ग्रेनाइट की केंद्रीय शिल्पकृति पुलिस कर्मियों की शक्ति, विनम्रता और निःस्वार्थ सेवा का प्रतीक है। शौर्य की दीवार पर उन पुलिसकर्मियों के नाम अंकित हैं जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति दी। संग्रहालय में भारतीय पुलिस व्यवस्था के इतिहास और विकास की झलक मिलती है। सुबोध/१९ -१०-२०२५