मुंबई, (ईएमएस)। पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र समेत देश के कई इलाकों में बारिश हो रही है। हालांकि देश भर में मानसून के बादल तो हट गए हैं लेकिन अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने से कई इलाकों में बारिश हो रही है। दिवाली से एक दिन पहले भी कई इलाकों में बारिश हुई है। भारतीय मौसम विभाग ने अब 25 अक्टूबर तक बारिश की चेतावनी दी है। यानि नवरात्रि के बाद दिवाली पर भी बारिश होने के संकेत हैं। कुछ दिन पहले राज्य में बारिश ने भारी तबाही मचाई थी। कई इलाकों में इतनी बारिश हुई कि खेती पूरी तरह से बर्बाद हो गई। जो फसलें हाथ में आई थीं, वे किसानों के हाथ से चली गईं। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले सात दिनों में केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बारिश के संकेत हैं। कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। कोल्हापुर, सिंधुदुर्ग, नांदेड़ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया। पुणे, रत्नागिरी, सतारा, सांगली और लातूर में गरज के साथ बारिश होने की उम्मीद है। 20 से 25 अक्टूबर के बीच दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है। 21 अक्टूबर तक तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि अगले कुछ दिनों में बारिश की तीव्रता बढ़ेगी। छत्तीसगढ़ में 20 से 24 अक्टूबर के बीच और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 20 से 23 अक्टूबर के बीच तेज हवाओं के साथ बारिश के संकेत हैं। अगले तीन दिनों में कोंकण, गोवा, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश के संकेत हैं। इससे यह साफ है कि महाराष्ट्र में बारिश का संकट अभी खत्म नहीं हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अंडमान सागर और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। 24 अक्टूबर को बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके कारण अब यह साफ है कि अगले कुछ दिनों तक महाराष्ट्र में बारिश वाले बादल छाए रहेंगे। स्वेता/संतोष झा- २० अक्टूबर/२०२५/ईएमएस