राज्य
21-Oct-2025
...


:: रवीन्द्र भवन में राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजा; गौशाला अनुदान ₹20 से ₹40 हुआ, एमपी को प्रमुख दुग्ध उत्पादक बनाने का लक्ष्य :: भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दीपोत्सव और गोवर्धन पूजा की मंगलकामनाएँ देते हुए कहा कि आज गोवर्धन और गौवंश की पूजा कर हम संसार को प्रकृति, पर्यावरण और पशुधन संवर्धन का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि गौमाता सनातन संस्कृति की आत्मा और प्राण हैं। मुख्यमंत्री मंगलवार को रवीन्द्र भवन में आयोजित गोवर्धन पूजा के राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी हर परम्परा में प्रकृति के प्रति आदर समाहित है, और गोवर्धन पूजा प्रकृति संरक्षण का उत्सव है। उन्होंने कहा कि गौमाता के दुग्ध, गोबर और गौ-मूत्र की महिमा अब वैज्ञानिक रूप से सिद्ध हो चुकी है, जिसके कारण विश्व पुनः जैविक खेती की महत्ता को स्वीकार कर रहा है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि गौवंश के बेहतर आहार के लिए गौशालाओं को मिलने वाली अनुदान राशि ₹20 से बढ़ाकर ₹40 प्रति गौवंश कर दी गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गौसेवा और गौवंश संरक्षण के लिए हरसंभव सहयोग देने को तत्पर है। सरकार का लक्ष्य वर्तमान में देश के दुग्ध उत्पादन में मध्य प्रदेश के 9 प्रतिशत योगदान को बढ़ाकर 20 प्रतिशत करना और राज्य को देश का प्रमुख दुग्ध उत्पादक बनाना है। मुख्यमंत्री ने समाज से भी गौवंश संरक्षण में सहयोग देने का आह्वान किया। राज्य सरकार समाज के साथ मिलकर इन त्यौहारों को मना रही है, जिसका उद्देश्य संस्कारों और संदेशों को आगे बढ़ाना है। मुख्यमंत्री यादव ने रवीन्द्र भवन में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गोवर्धन पर्वत की पूजा की और गौवंश को दुलारा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गौकृपा पंचगव्य आयुर्वेद संस्थान और महामृत्युंजय गौशाला सहित गौसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री लखन पटेल, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग सहित बड़ी संख्या में पशुपालक, विधायक और नागरिक उपस्थित थे। प्रकाश/21 अक्टूबर 2025