खेल
23-Oct-2025
...


:: भारत की सुपर-जोड़ी ने ध्वस्त किए रिकॉर्ड्स; मंधाना-रावल के तूफ़ानी प्रदर्शन से न्यूजीलैंड बेहाल :: :: भारत का विश्व कप में सबसे बड़ा स्कोर, रावल ने 1000 रन का सबसे तेज विश्व रिकॉर्ड छुआ :: नवी मुंबई (ईएमएस)। आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 के 24वें मुकाबले में आज भारतीय महिला टीम ने डीवाई पाटिल स्टेडियम में रिकॉर्ड्स का सैलाब ला दिया। सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना (109 रन) और प्रतिका रावल (122 रन) के ऐतिहासिक शतकों की बदौलत भारत ने निर्धारित 49 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर 340 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो महिला विश्व कप में भारत का अब तक का सबसे बड़ा टोटल है। बारिश के कारण बाधित हुए इस मैच में, न्यूजीलैंड के सामने डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) पद्धति के तहत 44 ओवरों में 325 रनों का एक पहाड़ जैसा लक्ष्य रखा गया है। :: मंधाना-रावल का ऐतिहासिक वर्चस्व : 212 रनों की साझेदारी :: न्यूजीलैंड का टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला, भारतीय सुपर-जोड़ी के सामने पूरी तरह विफल साबित हुआ। अनुभवी स्मृति मंधाना और युवा सनसनी प्रतिका रावल ने पहले विकेट के लिए 212 रनों की जम्बो साझेदारी की। यह केवल महिला विश्व कप में भारत के लिए सबसे बड़ी साझेदारी ही नहीं, बल्कि विश्व कप इतिहास में यह केवल तीसरी बार है जब किसी पारी में दोनों सलामी बल्लेबाजों ने शतक बनाए हों। यह महिला एकदिवसीय में न्यूजीलैंड के खिलाफ भी किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। :: व्यक्तिगत कीर्तिमानों की झड़ी :: सलामी बल्लेबाजों ने इस दौरान कई ऐतिहासिक व्यक्तिगत कीर्तिमान भी स्थापित किए: - रावल ने छुआ सबसे तेज़ 1000 रन का विश्व रिकॉर्ड : युवा सनसनी प्रतिका रावल ने 134 गेंदों पर 122 रनों की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी शतकीय पारी के दौरान मात्र 23 पारियों में 1000 एकदिवसीय रन पूरे कर लिए। इसके साथ ही उन्होंने 1988 में बने लिंडसे रीलर के रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए, महिला एकदिवसीय में संयुक्त रूप से सबसे तेज़ 1000 रन बनाने का गौरव हासिल किया। - मंधाना बनीं नई रन क्वीन : दूसरी ओर, स्मृति मंधाना ने अपना 14वां एकदिवसीय शतक (109 रन) पूरा किया। उन्होंने एकदिवसीय में सलामी बल्लेबाज़ के तौर पर 5194 रन का आँकड़ा छूकर सूज़ी बेट्स (5088) को पीछे छोड़ते हुए इस स्थान पर सर्वाधिक रन बनाने का नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया। - साल 2025 में वर्चस्व : मंधाना का यह 2025 में पाँचवाँ एकदिवसीय शतक है। 2025 में मंधाना के 1259 रन किसी भी महिला खिलाड़ी द्वारा एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक हैं, जबकि रावल के 976 रन इसी वर्ष में दूसरे सबसे अधिक हैं। :: रोड्रिग्स की तूफानी पारी :: रावल के आउट होने के बाद, जेमिमा रोड्रिग्स ने केवल 55 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 76 रनों की तूफानी नाबाद पारी खेली। उनके 138.18 के स्ट्राइक रेट ने सुनिश्चित किया कि भारत 340 के विशाल आंकड़े तक पहुँचे। न्यूजीलैंड की ओर से अमेलिया केर, सूज़ी बेट्स और रोज़मेरी मेयर को एक-एक विकेट मिला। भारतीय पारी समाप्त होने के बाद, न्यूजीलैंड की चुनौती शुरू होने से ठीक पहले बारिश फिर से मैच में खलल डाला। वर्षा बाधित इस मैच में, न्यूजीलैंड के सामने डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) पद्धति के तहत 44 ओवरों में 325 रनों का एक पहाड़ जैसा लक्ष्य रखा गया है। प्रकाश/23 अक्टूबर 2025