राष्ट्रीय
25-Oct-2025


उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने छठमहापर्व की शुभकामनाएं दी लखनऊ (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सूर्य उपासना और लोक आस्था के महापर्व छठ की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि सभी लोग स्वस्थ, सुख और समृद्धि का जीवन पाएं और यह महान परंपरा पीढ़ी-दर-पीढ़ी चलती रहे। मुख्यमंत्री योगी ने कहा, छठ महापर्व प्रकृति, श्रद्धा और अनुशासन का एक अनुपम संगम है। सूर्य उपासना के माध्यम से यह हमें जीवन में प्रकाश, ऊर्जा और संतुलन का संदेश देता है। यह पर्व सिर्फ पूजा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक आत्मा का उत्सव है। छठी मइया की कृपा से व्रती अपने संकल्प में सफल हों। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा कि समस्त श्रद्धालुओं को सूर्य उपासना और लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के प्रथम अनुष्ठान नहाय-खाय की हार्दिक शुभकामनाएं। छठी मैया के आशीर्वाद से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार हो, यही प्रार्थना है। वहीं उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने लिखा, समस्त श्रद्धालुओं को सूर्य उपासना एवं लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के प्रथम अनुष्ठान नहाय-खाय की हार्दिक शुभकामनाएं। वहीं गोरखपुर से सांसद रवि किशन ने भी छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व शुरू: लखनऊ में सज गए घाट, 4 दिवसीय छठ महापर्व शनिवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। 26 अक्टूबर को खरना और 27 अक्टूबर को संध्या अर्घ्य होगा। 28 अक्टूबर को उगते भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके लिए लखनऊ में महाछठ पर्व की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। गोमती स्थित लक्ष्मण मेला मैदान पूरी तरह व्यवस्थित हो चुका है। अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय ने सभी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि 27 अक्टूबर को सीएम योगी आदित्यनाथ संध्या अर्घ्य देने वाले है। प्रभुनाथ राय ने कहा कि हमारा सौभाग्य है की छठी मैया की सेवा में लगे हुए हैं। यह 41वां साल है जब हम निरंतर छट का आयोजन कर रहे है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन और भोजपुरी समाज के पदाधिकारी मिलकर व्यवस्था करते हैं। मुख्यमंत्री योगी ने निमंत्रण स्वीकार कर अपना विशेष आशीर्वाद दिया है। सीएम योगी 27 अक्टूबर को शाम 4 बजे सूर्य भगवान को अर्घ्य अर्पित कर के शुभारंभ करने वाले है। इसके अलावा 27 और 28 अक्टूबर को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। जिसमें बड़ी संख्या में कलाकार हिस्सा ले रहे है। सुप्रसिद्ध लोक गायिका कल्पना पटवारी (असम), गोपाल राय (बलिया), सुरेश शुक्ला (मुंबई) सहित 200 लोक कलाकार 18 घंटे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले है। आशीष दुबे / 25 अक्टूबर 2025