-छठ पर्व के बाद महागठबंधन का प्रचार अभियान होगा तेज -बेगूसराय के बछवाड़ा में होगी प्रियंका की पहली सभा पटना,(ईएमएस)। बिहार विधानसभा चुनाव में अब प्रचार अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। छठ पर्व के समापन के बाद एनडीए और महागठबंधन दोनों गठबंधन पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर रहे हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी मंगलवार से अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगी। सांसद प्रियंका गांधी की पहली सभा बेगूसराय जिले के बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में होगी। पार्टी के प्रदेश नेताओं के अनुसार, प्रियंका की इस सभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ जुटने की संभावना है। कांग्रेस इस जनसभा के जरिए महागठबंधन के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश करेगी। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी 29 अक्टूबर को बिहार पहुंचेंगे। वे राज्य के विभिन्न जिलों में चुनावी रैलियां करेंगे और महागठबंधन प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करेंगे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल और प्रियंका गांधी की रैलियों से चुनाव प्रचार को नई ऊर्जा मिलेगी। पार्टी ने नेताओं के दौरे और जनसभाओं के लिए विस्तृत कार्यक्रम तैयार किया है। चुनाव के दूसरे चरण से पहले कांग्रेस का यह प्रचार अभियान महागठबंधन की रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। हिदायत/ईएमएस 27अक्टूबर25