 
                            नई दिल्ली (ईएमएस)। शकरकंद पृथ्वी और जल तत्व से बना आहार है, जो शरीर को ताकत देता है, पेट को शांत रखता है और ठंड के मौसम में शरीर को गर्म बनाए रखता है। आधुनिक विज्ञान भी इसे सेहत के लिए लाभकारी मानता है। इसमें विटामिन ए, विटामिन सी, आयरन, कैल्शियम, पोटैशियम और फाइबर जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर की रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ाते हैं, दिल को स्वस्थ रखते हैं और पाचन को मजबूत करते हैं। आयुर्वेद में शकरकंद को वात और कफ दोष को संतुलित करने वाला बताया गया है। यह जोड़ों के दर्द, कब्ज और सर्दी-जुकाम जैसी समस्याओं में राहत देती है। विज्ञान की नजर में, इसमें मौजूद बीटा-कैरोटीन आंखों की रोशनी के लिए फायदेमंद है। नियमित रूप से शकरकंद खाने से त्वचा में निखार आता है, बाल मजबूत होते हैं और थकान कम होती है। शकरकंद का सेवन इम्यूनिटी बढ़ाने में भी मदद करता है। इसमें मौजूद विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर से हानिकारक तत्वों और गंदगी को बाहर निकालते हैं, जिससे बार-बार सर्दी-जुकाम या संक्रमण की संभावना कम होती है। पेट से जुड़ी दिक्कतों जैसे कब्ज या गैस में भी यह लाभकारी है। फाइबर की मात्रा आंतों की सफाई करती है और पाचन को बेहतर बनाती है। बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह हल्की और पचाने में आसान होती है। वजन कम करने वालों के लिए शकरकंद वरदान है। इसमें फाइबर अधिक और कैलोरी कम होती है, जिससे पेट जल्दी भरा महसूस होता है और बार-बार खाने की जरूरत नहीं पड़ती। यह ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मदद करती है क्योंकि इसमें मौजूद स्टार्च धीरे-धीरे पचता है, जिससे यह डायबिटीज़ मरीजों के लिए भी उपयोगी है। दिल के लिए भी शकरकंद फायदेमंद है। इसमें पाया जाने वाला पोटैशियम रक्तचाप को संतुलित करता है और खराब कोलेस्ट्रॉल कम करता है। नियमित सेवन से दिल की मांसपेशियां मजबूत होती हैं और ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है। आयुर्वेद में भी इसे हृदय को ताकत देने वाला आहार माना गया है। त्वचा और बालों के लिए यह नेचुरल बूस्टर की तरह काम करती है। विटामिन ए और सी त्वचा को चमकदार बनाते हैं और झुर्रियों को कम करते हैं। बालों की जड़ें मजबूत होती हैं और सिर की त्वचा तक पोषण पहुंचता है। सुदामा/ईएमएस 29 अक्टूबर 2025