-राहुल गांधी ने तालाब में छलांग लगा मछुआरों संग पकड़ी मछली बेगूसराय,(ईएमएस)। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बेगूसराय में चुनावी सभा को संबोधित करन के बाद अपने ही अंदाज में मछुआरों से मिले और उनकी समस्याओं को जानने की कोशिश की। राहुल गांधी वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी के साथ एक तालाब पर पहुंचे, फिर नाव पर सवार हुए और मछुआरों के साथ पानी में डुबकी भी लगाई। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बेगूसराय में चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद अपने खास अंदाज में जनता से जुड़ते हुए उनकी समस्याएं जानने की कोशिश की। सभा के बाद राहुल गांधी, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी के साथ करीब तीन किलोमीटर दूर एक तालाब पर पहुंचे थे। यहां राहुल गांधी नाव पर सवार हुए और मछुआरों के साथ पानी में डुबकी लगाने के साथ ही तालाब में डाले गए जाल से मछलियां भी पकड़ीं। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार और बेगूसराय सदर से कांग्रेस प्रत्याशी अमिता भूषण भी मौजूद रहीं। सोशल मीडिया तेजी से वायरल हुआ वीडियो कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मछुआरों के साथ तालाब में मछली पकड़ने और डुबकी लगाने की तस्वीरें और वीडियो फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ है। लोगों का कहना है कि राहुल गांधी लगातार लोगों से जमीनी स्तर पर जुड़ने और उनकी समस्याएं जानने की कोशिश कर रहे हैं। मछुआरों का काम दिलचस्प लेकिन समस्याएं भी गंभीर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए कहा, कि बेगुसराय में मछुआरा समुदाय से मिलकर बहुत अच्छा लगा। काम उनका जितना दिलचस्प है, उससे जुड़ी उनकी समस्याएं और संघर्ष उतने ही गंभीर हैं। उन्होंने आगे लिखा, बिहार की नदियां, नहरें, तालाब और उनसे जीवन-यापन करते मछुआरे, प्रदेश की अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा हैं। सभा में उठाया बेरोजगारी का मुद्दा इससे पहले, बेगूसराय की चुनावी सभा राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने यहां पीएम मोदी को 56 इंच की छाती वाला डरपोक बताया और बेरोजगारी मुद्दे को उठाते हुए बिहार के युवाओं से सवाल भी किया। उन्होंने कहा, देश के किसी भी प्रदेश में जब मैं जाता हूं तो वहाँ मुझे बिहार के लोग अवश्य दिखाई देते हैं। उन्होंने सवाल किया कि जब आप दुबई और बेंगलुरु जैसे शहर बना सकते हैं, तो फिर यही सब बिहार में क्यों नहीं कर पाते हैं? हिदायत/ईएमएस 02नवंबर25