नई दिल्ली (ईएमएस)। अक्सर लोगों के मन में सवाल उठता है कि आखिर अच्छी सेहत के लिए कौन ज्यादा फायदेमंद है गुड़ या शहद? दोनों के अपने-अपने लाभ हैं, और सही चुनाव इस बात पर निर्भर करता है कि आपकी सेहत की ज़रूरतें क्या हैं। गुड़ गन्ने के रस से तैयार किया जाता है और इसे भारतीय पारंपरिक खानपान का हिस्सा माना जाता है। इसमें आयरन, कैल्शियम, मैग्नीशियम, पोटैशियम और फॉस्फोरस जैसे महत्वपूर्ण मिनरल्स पाए जाते हैं, जो शरीर को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। गुड़ का सेवन शरीर को तुरंत ऊर्जा प्रदान करता है और थकान को दूर करता है। यह पाचन तंत्र को भी बेहतर बनाता है, आंतों को साफ रखता है और कब्ज की समस्या से राहत देता है। सर्दियों में गुड़ का सेवन शरीर में गर्मी बनाए रखता है, वहीं यह खून की सफाई करने और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में भी सहायक होता है। शहद, फूलों के रस से बनने वाला एक प्राकृतिक उत्पाद है, जिसमें कई औषधीय गुण पाए जाते हैं। इसमें एंटीऑक्सीडेंट, एंटीबैक्टीरियल और एंटीवायरल तत्व मौजूद होते हैं, जो शरीर को संक्रमण से बचाते हैं। शहद का ग्लाइसेमिक इंडेक्स गुड़ की तुलना में कम होता है, जिससे यह शरीर में धीरे-धीरे अवशोषित होता है और ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित रखता है। यही कारण है कि मधुमेह (डायबिटीज) से पीड़ित लोगों के लिए शहद का सेवन गुड़ की तुलना में बेहतर माना जाता है। इसके अलावा, शहद में मौजूद पाचन एंजाइम मेटाबॉलिज्म को सुधारते हैं और पेट की समस्याओं से राहत दिलाते हैं। कैलोरी की दृष्टि से देखें तो गुड़ में शहद की तुलना में कम कैलोरी होती है। इस कारण, जो लोग वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं, उनके लिए गुड़ का सेवन लाभदायक हो सकता है। वहीं, शहद शरीर में ऊर्जा का स्तर बनाए रखता है और गले की खराश या खांसी जैसी समस्याओं के लिए भी घरेलू नुस्खे के रूप में काम आता है। दोनों ही प्राकृतिक उत्पाद अपने-अपने ढंग से शरीर के लिए उपयोगी हैं। अगर आप ब्लड शुगर को नियंत्रित रखना चाहते हैं, तो शहद चुनें, और अगर आपको शरीर में खनिजों की कमी पूरी करनी है या तुरंत ऊर्जा चाहिए, तो गुड़ बेहतर रहेगा। हालांकि, दोनों का सेवन संतुलित मात्रा में ही करना चाहिए। अत्यधिक सेवन से ब्लड शुगर बढ़ने या वजन बढ़ने का खतरा हो सकता है। इसलिए, गुड़ और शहद में से किसी एक को चुनने से पहले अपनी सेहत की स्थिति और जरूरतों को समझें। दोनों को अपनी डाइट में सीमित मात्रा में शामिल करने से शरीर को ऊर्जा, मजबूती और प्राकृतिक मिठास तीनों का लाभ मिलेगा। सेहतमंद खानपान की बात हो तो गुड़ और शहद दोनों का नाम सबसे पहले लिया जाता है। दोनों ही प्राकृतिक मिठास से भरपूर हैं और शरीर को कई पोषक तत्व प्रदान करते हैं। सुदामा/ईएमएस 03 नवंबर 2025