व्यापार
03-Nov-2025


सेंसेक्स 40 अंक चढ़ा, निफ्टी 25700 के पार नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी सोमवार को सकारात्मक दायरे में बंद हुए। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 39.78 अंक या 0.05 प्रतिशत उछलकर 83,978.49 अंक पर बंद हुआ। इसके 14 शेयरों में तेजी और 16 में गिरावट रही। कारोबार के दौरान इसने 84,127 के उच्चतम और 83,609.54 के निम्नतम स्तर को छुआ। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 41.25 अंक या 0.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,763.35 पर आ गया। चुनिंदा वाहन और बैंकिंग शेयरों में लिवाली से दो दिन से जारी गिरावट थम गई। रुपये में लगातार तीसरे दिन गिरावट जारी रही और सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया पांच पैसे की गिरावट के साथ 88.75 (अनंतिम) पर बंद हुआ, जो अब तक के सबसे निचले स्तर के करीब है। विश्लेषकों ने कहा कि नए घरेलू उत्प्रेरक के अभाव और विदेशी फंडों की निकासी के कारण उच्च स्तर पर मुनाफावसूली से बाजार सीमित दायरे में रहा। सेंसेक्स की कंपनियों का हाल सेंसेक्स की कंपनियों में, महिंद्रा एंड महिंद्रा सबसे ज़्यादा 1.7 प्रतिशत की बढ़त के साथ सबसे ऊपर रही। टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स में 1.69 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। इटरनल, भारतीय स्टेट बैंक, भारती एयरटेल और कोटक महिंद्रा बैंक भी प्रमुख लाभ में रहे। वहीं मारुति सुजुकी में सबसे ज़्यादा 3.37 प्रतिशत की गिरावट आई। आईटीसी, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज़, लार्सन एंड टुब्रो, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और टाइटन के शेयर सबसे ज़्यादा गिरे। यूरोपीय बाजार में दिखी बढ़त एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, शंघाई का एसएसई कम्पोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक सकारात्मक दायरे में बंद हुए। यूरोप के बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। शुक्रवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। विनोद, 03 नवम्बर, 2025