मुंबई (ईएमएस)। बालीवुड के मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘सिंघम अगेन’ को रिलीज़ हुए एक साल पूरा हो गया है। यह फिल्म एक्टर अर्जुन कपूर के ‘डेंजर लंका’ किरदार के लिए भी लंबे समय तक चर्चा में रही। अर्जुन कपूर ने इस भूमिका में ऐसा गहरापन और भय पैदा किया, जिसने दर्शकों को भीतर तक झकझोर दिया। घनी दाढ़ी, बिखरे बाल, भारी शरीर और ठंडी नज़रों वाले डेंजर लंका का रूप दर्शकों के ज़ेहन में अब भी ताज़ा है। अर्जुन ने इस किरदार को सिर्फ निभाया नहीं, बल्कि उसे एक आइकॉनिक खलनायक के रूप में जीवंत कर दिया। सोशल मीडिया पर उनकी लुक और संवादों के फैन एडिट्स वायरल हुए, मीम्स बने और ‘डेंजर लंका’ नाम अपने आप में एक ब्रांड बन गया। फिल्म के प्रशंसकों का कहना है कि अर्जुन कपूर ने हिंदी सिनेमा को एक नया तरह का विलेन दिया जो बंदूक से नहीं, बल्कि अपनी मौजूदगी से तबाही मचाता है। अर्जुन कपूर को आम तौर पर एक रोमांटिक या भावनात्मक नायक के रूप में देखा जाता रहा है। लेकिन ‘सिंघम अगेन’ में उन्होंने अपने करियर का सबसे साहसी और चुनौतीपूर्ण किरदार निभाया। इस भूमिका ने उनके अभिनय की नई परतें उजागर कीं और यह साबित किया कि वे सिर्फ प्रेम कहानियों तक सीमित नहीं हैं। रोहित शेट्टी की इस फिल्म ने पुलिस यूनिवर्स को और भी विस्तार दिया, जिसमें अजय देवगन, करीना कपूर, दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह जैसे कलाकार शामिल थे। फिर भी, दर्शकों के दिलों में जो चेहरा सबसे ज्यादा गूंजता रहा, वह डेंजर लंका का था। अर्जुन की एंट्री सीन से लेकर उनके आखिरी संवाद तक, हर फ्रेम में उनका आतंक और करिश्मा महसूस किया जा सकता था। एक साल बाद भी ‘सिंघम अगेन’ की चर्चा डेंजर लंका के बिना अधूरी लगती है। सुदामा/ईएमएस 04 नवंबर 2025