मनोरंजन
06-Nov-2025
...


मुंबई (ईएमएस)। अभिनेत्री सोनाली कुलकर्णी भारतीय सिनेमा की उन अदाकाराओं में से हैं, जिन्होंने अपनी प्रतिभा से भाषाओं और सीमाओं की दीवारें तोड़ दीं। हिंदी और मराठी फिल्मों की जानी-मानी एक्ट्रेस सोनाली ने अपने करियर की शुरुआत 1992 में मशहूर निर्देशक गिरीश कर्नाड की कन्नड़ फिल्म चेलुवी से की थी। यह फिल्म न सिर्फ नेशनल अवॉर्ड विनर रही, बल्कि कांस फिल्म फेस्टिवल में भी प्रदर्शित हुई, जिससे सोनाली को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान मिली। सोनाली कुलकर्णी की सबसे बड़ी खासियत यह रही है कि उन्होंने सात अलग-अलग भाषाओं कन्नड़, मराठी, हिंदी, तमिल, गुजराती, अंग्रेजी और इतालवी में काम किया है। इस विविधता के कारण उन्हें “बहुभाषी सुपरस्टार” कहा जाता है। उन्होंने न केवल भारत की फिल्मों में बल्कि हॉलीवुड और यूरोपियन सिनेमा में भी अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया। पढ़ाई के साथ-साथ सोनाली ने बचपन से ही कला और नृत्य में गहरी रुचि दिखाई। उन्होंने भरतनाट्यम में 11 साल तक प्रशिक्षण लिया और पॉलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन किया। मराठी साहित्य में स्कॉलरशिप पाने के बाद भी उनका दिल अभिनय की ओर खिंचता चला गया। कॉलेज के दिनों में पहली फिल्म साइन करते वक्त उन्हें क्लास मिस होने की चिंता थी, मगर गिरीश कर्नाड के प्रोत्साहन ने उनकी दिशा तय कर दी। सोनाली की पहली मराठी फिल्म मुक्ता (1994) थी, जिसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। हिंदी फिल्मों में वह दिल चाहता है, मिशन कश्मीर, डरना जरूरी है, और सिंघम जैसी फिल्मों से पहचानी जाती हैं, जबकि मराठी सिनेमा में देवराई, दोघी, कैरी, सखी और देऊल जैसी फिल्मों ने उन्हें विशेष लोकप्रियता दिलाई। अभिनय के साथ-साथ सोनाली एक सफल लेखिका भी हैं। उन्होंने मराठी अखबार में “सो कूल” नाम से कॉलम लिखा, जो इतना लोकप्रिय हुआ कि लोग उन्हें उसी नाम से पहचानने लगे। सोनाली को उनके अभिनय और बहुभाषी योगदान के लिए कई सम्मान मिले हैं, जिनमें मिलान फिल्म फेस्टिवल अवॉर्ड (2006), चार फिल्मफेयर अवॉर्ड्स और महाराष्ट्र स्टेट फिल्म अवॉर्ड शामिल हैं। पर्सनल लाइफ में उन्होंने पहले मराठी निर्देशक चंद्रकांत कुलकर्णी से शादी की थी, बाद में 2010 में टीवी एग्जीक्यूटिव नचिकेत पंतवैद्य से विवाह किया। उनकी एक बेटी है। सुदामा/ईएमएस 06 नवंबर 2025