मुंबई, (ईएमएस)। एक टैक्सी ड्राइवर ने यात्रा के दौरान टोल पेमेंट को लेकर हुई बहस के बाद एक महिला यात्री का फेक इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया और उसे कॉल गर्ल कहा। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस मामले में टैक्सी ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। ड्राइवर टैक्सी सर्विस देने वाली एक कंपनी से जुड़ा है। सूत्रों के मुताबिक, झारखंड राज्य के रहने वाले विनय कुमार यादव ने एक महिला जो सरकारी कर्मचारी है, की पर्सनल जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर कर दी। लेकिन आरोपी को उसकी पर्सनल जानकारी कैसे मिली? पुलिस ने यह नहीं बताया। मिली जानकारी के अनुसार महिला ने दक्षिण मुंबई से दादर इलाके में जाने के लिए टैक्सी बुक की थी। यात्रा के दौरान यादव ने उससे एक जगह टोल देने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। इससे दोनों के बीच बहस हो गई। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, यादव ने महिला को बार-बार फोन किया और उसे गंदी-गंदी गालियां दीं, जिसके बाद महिला ने उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया। कुछ समय बाद, महिला को अजनबियों के फोन आने लगे। पूछताछ के दौरान उसे एक चौंकाने वाली बात पता चली। उसकी फोटो का इस्तेमाल करके एक फेक इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया गया, जिसमें उसे कॉल गर्ल बताया गया, जिसमें उसकी पर्सनल जानकारी भी दी गई। जब महिला ने सोशल मीडिया कंपनी से शिकायत की, तो चौंकाने वाली जानकारी सामने आई कि यह फेक अकाउंट बहस करने वाले टैक्सी ड्राइवर ने ही बनाया था। इसके बाद महिला दादर पुलिस थाना में जाकर शिकायत दर्ज करवाई। सूत्रों के मुताबिक, महिला की शिकायत के आधार पर टैक्सी ड्राइवर के खिलाफ गाली-गलौज और बदनामी का केस दर्ज किया गया है। यादव के मोबाइल नंबर से पता चला कि वह झारखंड राज्य का रहने वाला है। पुलिस ने उसे थाने में पेश होने का नोटिस भेजा है। स्वेता/संतोष झा- ०७ नवंबर/२०२५/ईएमएस