नवी मुंबई, (ईएमएस)। ठाणे और नवी मुंबई में रहने वाले नागरिकों का सफर जल्द ही आसान और सुगम होने वाला है। क्योंकि ठाणे और बेलापुर के बीच 3 बड़े फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। नवी मुंबई महानगरपालिका ने यह फैसला लिया है। इसलिए, वाहन चालकों और यात्रियों को ठाणे से नवी मुंबई जाते समय ट्रैफिक जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा। उनका सफर सुगम हो जाएगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवी मुंबई मनपा प्रशासन ने ठाणे से बेलापुर मार्ग पर 3 फ्लाईओवर बनाने का फैसला किया है। इसके लिए योजना भी बनाई जा रही है। इन 3 फ्लाईओवर और संबंधित कार्यों की लागत लगभग 900 करोड़ रुपये होने की संभावना है। महत्वपूर्ण बात यह है कि ठाणे से नवी मुंबई जाते समय तुर्भे क्षेत्र से गुजरने वाला मार्ग सायन-पनवेल राजमार्ग से जुड़ता है, इसलिए इस क्षेत्र में हर दिन भीषण ट्रैफिक जाम होता है। इस ट्रैफिक जाम को दूर करने के लिए, नवी मुंबई महानगरपालिका ने यह महत्वपूर्ण कदम उठाने का फैसला किया है। बीएसएफ कंपनी और हुंडई शोरूम के बीच एक डबल डेकर ब्रिज बनाया जाएगा। नवी मुंबई से ठाणे आते-जाते समय खासकर शाम के वक्त रबाले और ऐरोली इलाकों में वाहन चालकों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता है। यहां वाहन चालकों को काफी देर तक एक ही जगह पर फंसे रहना पड़ता है। नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा खुलने के बाद इस रूट पर वाहनों की संख्या और बढ़ जाएगी। इसलिए कहा जा रहा है कि नवी मुंबई महानगरपालिका ने परिवहन व्यवस्था की तैयारी शुरू कर दी है। इसलिए नवी मुंबई में 3 फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। पहला फ्लाईओवर क्रिस्टल हाउस से पावणे गांव तक होगा। इस ब्रिज पर 110 करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना है। दूसरा ब्रिज रबाले जंक्शन पर बनेगा और इसकी लागत 171 करोड़ रुपये होगी। तीसरा ब्रिज बीएसएफ कंपनी से हुंडई शोरूम तक बनाया जाएगा। इस पर 338 करोड़ रुपये की लागत आएगी। नवी मुंबई मनपा के प्रशासक/आयुक्त कैलाश शिंदे ने कहा, नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के खुलने के बाद शहर में वाहनों की संख्या में काफी वृद्धि होगी। इसलिए, ठाणे-बेलापुर मार्ग के नवीनीकरण और तीन फ्लाईओवरों के निर्माण हेतु एक रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अनुसार कार्य भी शुरू कर दिया गया है। नवी मुंबई में बनने वाले इन तीनों फ्लाईओवरों के लिए 600 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजना एचएएम (हाइब्रिड एन्युइटी मॉडल) के तहत की जाएगी। इन तीनों पुलों के निर्माण के बाद नवी मुंबई में यात्रा सुगम और सुखद हो जाएगी। साथ ही, वाहन चालकों को यातायात की भीड़भाड़ से भी राहत मिलेगी। स्वेता/संतोष झा- ०८ नवंबर/२०२५/ईएमएस