अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात राज्य के किसानों के लिए राहत की खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने किसानों को उनकी फसलों के उचित मूल्य मिल सकें, इस उद्देश्य से खरीफ फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद प्रक्रिया का आज पूरे राज्य में शुभारंभ किया है। इस खरीद प्रक्रिया का औपचारिक शुभारंभ कृषि मंत्री जीतू वघाणी के हाथों गांधीनगर जिले के दहेगाम में किया गया। मंत्री ने दहेगाम मार्केट यार्ड में स्थित खरीद केंद्र का दौरा किया और पूरी खरीद व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री जीतू वघाणी ने बिक्री के लिए आए किसानों से सीधा संवाद भी किया। उन्होंने किसानों से खरीद प्रक्रिया में आने वाली कठिनाइयों, समर्थन मूल्य की जानकारी और बिक्री के बाद भुगतान व्यवस्था के बारे में चर्चा की। मंत्री ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार किसानों को समय पर और सुगमता से भुगतान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। अपनी फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू होने से किसानों ने राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। किसानों ने कहा कि बाजार में गिरते दामों के बीच सरकार की यह खरीद प्रक्रिया उन्हें आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है। इस खरीद में मुख्य रूप से मूंगफली, धान और बाजरा जैसी खरीफ फसलों की, पंजीकृत किसानों से खरीद की जा रही है। राज्य सरकार की इस पहल से किसानों में संतोष और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। सतीश/09 नवंबर