मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेत्री रेखा बढ़ती उम्र के बावजूद उनकी त्वचा की चमक और चेहरे की ताजगी देखकर फैंस हमेशा यही सोचते हैं कि आखिर उनकी खूबसूरती का राज क्या है। अब रेखा ने खुद इस राज़ से पर्दा उठा दिया है। हाल ही में उन्होंने अपनी जिंदगी और खूबसूरती से जुड़ी बातें साझा कीं। शो के एक वीडियो में रेखा कहती नजर आईं, “मुझे हर चीज़ से प्यार है। अपने काम से, दोस्तों से, दुनिया से, नेचर से… लेकिन सबसे ज़रूरी है खुद से प्यार करना। मुझे खुद से प्यार है।” रेखा का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, और फैंस उनकी सादगी और आत्मविश्वास की खूब तारीफ कर रहे हैं। इससे पहले एक इंटरव्यू में रेखा ने अपने फिटनेस रूटीन के बारे में बताया था। उन्होंने कहा था कि वह हर सुबह वर्कआउट और मेडिटेशन करती हैं। उनके अनुसार, फिट रहने के लिए जिम जरूरी नहीं है बल्कि डांस, बागवानी और घरेलू काम भी एक शानदार व्यायाम हैं। रेखा का मानना है कि इन गतिविधियों से शरीर ही नहीं, मन भी संतुलित रहता है। रेखा अपने खाने-पीने की आदतों पर भी विशेष ध्यान देती हैं। वह दिनभर में लगभग 12 गिलास पानी पीती हैं ताकि शरीर और त्वचा दोनों डिटॉक्स रहें। इसके अलावा, वह फलों का जूस और नारियल पानी अपनी डाइट में शामिल करती हैं। तली-भुनी और ओवरकुक्ड चीज़ों से वह सख्ती से परहेज करती हैं। रेखा रोजाना रात 8 बजे तक डिनर कर लेती हैं ताकि शरीर को आराम मिले और नींद पूरी हो सके। रेखा आयुर्वेद और पारंपरिक सौंदर्य उपचारों पर भी भरोसा करती हैं। वह नियमित रूप से अरोमा थेरेपी और आयुर्वेदिक स्पा ट्रीटमेंट लेती हैं। बालों और त्वचा की देखभाल के लिए वह आंवला, शिकाकाई, मेथी और नारियल तेल से बना प्राकृतिक हेयरपैक इस्तेमाल करती हैं। रेखा का कहना है कि असली खूबसूरती सिर्फ बाहरी नहीं होती, बल्कि अंदर से खुश और आत्मविश्वासी रहने में है। शायद यही वजह है कि दशकों बाद भी उनकी मुस्कान और ग्लो सबको मंत्रमुग्ध कर देता है। मालूम हो कि रेखा अपनी अद्भुत खूबसूरती, ग्रेस और चार्म से आज भी फैंस का दिल जीतती रहती हैं। चाहे फिल्मों का सेट हो, किसी पेज-थ्री पार्टी का माहौल या कोई बड़ा इवेंट रेखा की मौजूदगी हर बार लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लेती है। सुदामा/ईएमएस 14 नवंबर 2025