जगदलपुर (ईएमएस)। जिले के बोधघाट थाना पुलिस ने ओडिशा से 53.17 किलो अवैध गांजा का अपने बाईक में परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 5 लाख 40 हजार रुपए आंका गया है। बोधघाट थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक युवक ओडिशा से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ के लिए निकले आराेपी के संबध में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बाइक (नंबर OR 10 D 6439) नगरनार की तरफ से आड़ावाल की तरफ आ रही है। जिसके पास दो बोरी है, जिसमें गांजा भरा हुआ है। इसके बाद पुलिस को सूचना मिलते ही मौके के लिए निकली। वहीं पुलिस ने आड़ावाल के पास एक चेक पोस्ट लगाया था। आने-जाने वाली वाहनों की तलाशी लेनी शुरू की। इस दौरान मुखबिर के बताए अनुसार एक बाइक भी यहां पहुंची, जिसे जवानों ने रोका। बाइक सवार युवक से पूछताछ की गई।पूछताछ करने पर उसने अपना नाम रफी शेख (37) बताया। जिसके बाद पुलिस जब उसके पास रखी दो बोरी की तलाशी ली तो उसमें से गांजा की एक बड़ी खेप जिसमें 53.17 किलो अवैध गांजा बरामद की गई। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। एएसपी महेश्वर नाग ने बताया कि बोधघाट पुलिस ने कार्यवाही उपरांत आरोपी को आज शुक्रवार को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल दाखिल कर दिया है।