राज्य
13-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी में एक कोचिंग ट्यूटर धीरज चौधरी ने दो साल से तीन 12वीं कक्षा की छात्राओं का यौन शोषण किया। उसने उन्हें पुरुष मित्रों के साथ देखने के बाद ब्लैकमेल करना शुरू किया। उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक कोचिंग सेंटर के टीचर द्वारा पिछले करीब दो साल से 12वीं कक्षा की तीन छात्राओं को ब्लैकमेल कर उनके साथ यौन शोषण करने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोपित टीचर धीरज चौधरी ने तीनों छात्राओं को उनके पुरुष मित्रों के साथ घूमते हुए देख लिया था। उसके बाद से आरोपित ने यह बात उनके स्वजन को बता देने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर उनका यौन शोषण करना शुरू कर दिया था। उसकी हरकतों से तंग आकर छात्राओं ने जब कोचिंग सेंटर छोड़ दिया तब आरोपित उनके घर भी पहुंच गया और स्वजन से उनके खराब चरित्र की बात बता दी थी। एक छात्रा ने जब हिम्मत दिखाकर स्वजन को टीचर के सामने उसकी हरकत के बारे में बताना शुरू कर दिया तब डर कर आरोपित, पीड़ित के घर से निकल गया और बाहर से दरबाजे की कुंडी लगाकर फरार हो गया। इसके बाद ट्यूटर के कारनामे का भेद खुल जाने पर तीनों छात्राओं के स्वजन उन्हें लेकर बुराड़ी थाने पहुंच गए। थाने पर पहले तीनों छात्राओं की काउंसलिंग कराई गई उसके बाद उनके बयान के आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म, पाक्सो बंधक बनाने, मारपीट करने व जान से मार डालने की धमकी देने आदि धाराओं में केस दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की कई टीमें आरोपित की तलाश में हर संभावित ठिकाने पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि तीनों छात्राओं की उम्र 16 से 17 साल के बीच है। वे अपने-अपने सवजन के साथ बुराड़ी में ही रहती हैं और पास के एक पब्लिक स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ती हैं। बयान में एक छात्रा ने बताया कि वह तीन साल से धीरज चौधरी नाम के टीचर की कोचिंग में ट्यूशन पढ़ने जाती थी। बाकी दोनों छात्राएं भी वहीं पर आने लगी, जिससे तीनों में दोस्ती हो गई। पुलिस को दिए बयान में छात्राओं ने आरोप लगाया कि टीचर की नियत शुरू से ही उनको लेकर खराब रहती थी। किसी न किसी बहाने से वह उन्हें गलत मंशा से छूते रहता था। उनके द्वारा विरोध जताने पर वह उल्टे उन्हीं को दिमाग ठीक रखने की बात कह कर उन लोगों को चुप करा देता था। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/13/मार्च/2026